अनोखी शादी: दूल्हे के घर बारात लेकर पहुंची दुल्हन, खेत में सजाया गया मंडप

punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 11:52 AM (IST)

नेशनल डेस्क. पंजाब के कारी कलां गांव में एक अनोखी शादी हुई, जो इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। यह शादी परंपराओं से जुड़ी हुई थी और फिजूलखर्ची से दूर थी। दुर्लभ सिंह और हरमन कौर की शादी ने सादगी और खेतीबाड़ी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

दुल्हन ने खुद लाकर दी बारात

PunjabKesari

इस शादी की सबसे खास बात यह थी कि दुल्हन हरमन कौर खुद बारात लेकर दूल्हे दुर्लभ सिंह के घर पहुंची। दोनों ने हरे-भरे खेतों के बीच सात फेरे लिए। शादी का पंडाल भी हरे रंग से सजाया गया था और सजावट में रंग-बिरंगे पौधों का इस्तेमाल किया गया। शादी में आए सभी मेहमानों को पौधे तो गिफ्ट किए ही गए, साथ ही शहद की छोटी बोतलें भी दी गईं।

किसान आंदोलन से प्रेरित शादी

PunjabKesari

यह शादी किसानों के आंदोलन से प्रेरित थी, जो हाल ही में दिल्ली बॉर्डर पर हुआ था। दुर्लभ सिंह का कहना है कि उन्हें इस आंदोलन से यह संदेश मिला था कि हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए और खेती को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे फिजूलखर्ची और दिखावे के खिलाफ हैं और इस शादी का उद्देश्य पर्यावरण को बचाना और खेती के महत्व को उजागर करना था।

कनाडा में बसे दूल्हा-दुल्हन का संदेश

दुल्हन हरमन कौर और दूल्हा दुर्लभ सिंह दोनों ही कनाडा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस शादी के माध्यम से वे लोगों को यह संदेश देना चाहते थे कि चाहे हम कहीं भी रहें, हमें अपनी जड़ों से कभी नहीं कटना चाहिए। शादी का आयोजन एक बैंक्वेट हॉल में नहीं, बल्कि खेतों में मंडप लगाकर किया गया। इसके लिए फसलों का जरूरी हिस्सा काटा गया था, ताकि विवाह स्थल बनाया जा सके।

शादी में किसानों के संदेश

शादी में मिठाई के डिब्बों पर किसानों के नारे भी लिखे गए थे, जो कि खेती और किसान आंदोलन का समर्थन करते थे। यह शादी न केवल एक रिश्ते के बंधन को दर्शाती है, बल्कि पर्यावरण और खेती के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी एक प्रयास है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News