मुस्लिम बॉयफ्रेंड से परेशान महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या, 6 पन्नों का सुसाइड नोट में हुए कई खुलासे
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 05:51 AM (IST)
नेशनल डेस्कः मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में 24 वर्षीय डेंटल मेडिकल छात्रा स्तुति सोनवणे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी मोहम्मद फैज़ुल खान द्वारा बार-बार चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस को मौके से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने तक की पूरी कहानी लिखी है।
नवी मुंबई के डेंटल कॉलेज में कर रही थी पढ़ाई
मृत छात्रा की पहचान स्तुति सोनवणे के रूप में हुई है। वह नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में एमडीएस (Master of Dental Surgery) की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने माता-पिता और बहन के साथ एंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी। परिवार के अनुसार घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली। परिवार के लोग तुरंत उसे सायन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिला 6 पन्नों का सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया। इस नोट में छात्रा ने अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा कि फैजुल अक्सर उस पर भद्दे आरोप लगाता था और उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी। छात्रा ने लिखा कि शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे, लेकिन समय के साथ झगड़े और विवाद बढ़ने लगे।
ऑनलाइन डेटिंग को लेकर भी हुआ विवाद
सुसाइड नोट में स्तुति ने यह भी लिखा कि वह फैजुल के प्यार में इस कदर डूबी हुई थी कि उसने कई बातों को नजरअंदाज कर दिया। उसने बताया कि फैजुल ऑनलाइन डेटिंग साइट्स पर भी सक्रिय था, लेकिन इसके बावजूद उसने रिश्ते को बचाने की कोशिश की और उस बात को नजरअंदाज कर दिया।
सुसाइड नोट में श्रद्धा वालकर केस का भी जिक्र
छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में चर्चित श्रद्धा वाकर हत्याकांड का भी जिक्र किया। उसने लिखा कि उसके दोस्त अक्सर उसे चेतावनी देते थे कि उन्हें अच्छा नहीं लगेगा अगर एक दिन उसकी लाश फ्रिज में मिले। शुरुआत में उसने सोचा कि हर कोई ऐसा नहीं होता, लेकिन बाद में उसे लगा कि शायद उसके दोस्त सही थे। गौरतलब है कि श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव-इन पार्टनरआफ़ताब पूनावाला ने की थी, जिसने शव के टुकड़े कर फ्रीज में रखा था और बाद में जंगलों में फेंक दिया था।
आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही परिवार और दोस्तों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी प्रेमी की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
