बाप ने की छेड़छाड़, बेटे ने केस वापसी का बनाया दबाव, नहीं मानने पर लड़की को जिंदा जलाया

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2024 - 05:00 PM (IST)

भोपालः मध्य प्रदेश के खंडवा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आरोपी के बेटे ने पीड़ित लड़की को जिंदा जला दिया। जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 19 साल की युवती ने जिस शख्स पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था उसका बेटा उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। युवती ने जब शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो आरोपी के बेटे ने उसके शरीर में आग लगा दी थी। पुलिस अधिकारी ने पीड़िता के मौत की पुष्टि कर दी है।

पेट्रोल डालकर लगा दी थी आग
खंडवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार राय ने बताया कि युवती ने गुरुवार देर रात इंदौर के महाराजा यशवंतराव सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दरअसल ये घटना 12 अक्टूबर की है, जब 22 साल के युवक अरुण बलाई ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। इसको लेकर एसपी राय ने बताया कि युवती ने अरुण के पिता मंगीलाल बलाई के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जिसके बाद अरुण उस पर मामला वापस लेने का दबाव बना रहा था।

पुलिस ने आरोपी के बेटे को भी किया गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि अर्जुन बलाई ने युवती पर 12 अक्टूबर को कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। युवती ने आरोप लगाया था कि अर्जुन उस पर अपने पिता मांगीलाल बलाई के खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ का मामला वापस लेने का दबाव बना रहा था। राय ने बताया कि अर्जुन को युवती की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि युवती की मौत के मद्देनजर अर्जुन पर दर्ज प्राथमिकी में हत्या का आरोप जोड़ा जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन के पिता मांगीलाल ने युवती के साथ सात अक्टूबर को कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने बताया कि छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तारी के एक दिन बाद मांगीलाल को अदालत ने आठ अक्टूबर को जमानत पर रिहा कर दिया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News