पिता के हत्यारे को 23 साल बाद उतारा मौत के घाट, पुणे पुलिस ने किया अरेस्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 11:52 AM (IST)
Pune Katraj Tunnel Murder Case Revenge : पुणे ग्रामीण पुलिस ने दो दशक से भी पुराने बदले की भावना से प्रेरित एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति की हत्या के मामले में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि युवक ने बदला लेने के इरादे से 23 साल पहले अपने पिता की हत्या के आरोपी व्यक्ति को मारने के लिए यह साजिश रची थी।
घटना के वक्त आरोपी महज छह महीने का था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित संजय बाबूराव काडू-देशमुख (40) का शव 11 जुलाई को पुणे जिले की भोर तहसील में पुराने कात्रज सुरंग के पास मिला था। शव पर धारदार हथियार से वार करने के कई निशान थे जिसके बाद राजगढ़ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
पुणे ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के अनुसार जांच अधिकारियों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मंथन वैद्य (24) और सौरभ परदेशी की पहचान इस मामले के प्रमुख आरोपियों के रूप में की। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद क्षीरसागर ने सोमवार को बताया, दोनों को 14 जुलाई को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने मिजान शेख और संदीप कोरी नामक दो अन्य साथियों की मदद से काडू-देशमुख की हत्या की थी।
यह भी पढ़ें: पटरी से उतरे मालगाड़ी के 6 डिब्बे, Delhi -Ghaziabad रूट पर रेल यातायात ठप, 16 ट्रेनें रद्द, 24 के बदले रूट
पुलिस ने कहा कि इस हत्या के तार वर्ष 2003 की एक घटना से जुड़े हैं। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद काडू-देशमुख ने मंथन के पिता दिनेश वैद्य की हत्या कर दी थी। उस समय मंथन की उम्र महज छह महीने थी। सहायक पुलिस निरीक्षक चेतन माचले ने बताया कि आरोप है कि मंथन वर्षों से अपने पिता की हत्या का बदला लेने की भावना मन में पाले हुए था।
इसी कारण उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर काडू-देशमुख की हत्या की साजिश रची। उन्होंने बताया कि जिस वक्त काडू-देशमुख की हत्या की गई उस समय वह एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत पर बाहर था। उन्होंने कहा, मंथन और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
