YEIDA Land Project: यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसे 41 गांवों में किसानों की जमीन बनेगी ''सोना'', सीधे बैंक खाते में पहुंचेगा करोड़ों का मुआवजा!
punjabkesari.in Tuesday, Apr 22, 2025 - 10:23 AM (IST)

नेशनल डेस्क: ग्रेटर नोएडा से अलीगढ़ तक फैले यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसे 41 गांवों के किसानों के लिए खुशखबरी है। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) अब इन गांवों की करीब 13,300 एकड़ जमीन सीधे किसानों से खरीदेगी- और खास बात यह है कि इस सौदे में किसी बिचौलिए की कोई भूमिका नहीं होगी। पूरी रकम किसानों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
कहां की जा रही है जमीन की खरीदारी?
इस योजना के तहत:
-
36 गांव ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के हैं।
-
5 गांव अलीगढ़ जिले में आते हैं।
YEIDA के CEO अरुणवीर सिंह के अनुसार, 28 मार्च को हुई अहम बैठक में इस योजना के लिए कुल ₹9,200 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया था, जिसमें से ₹5,000 करोड़ जमीन अधिग्रहण के लिए तय किए गए हैं।
एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक हब से बढ़ेगी मांग
यह ज़मीन अधिग्रहण जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अलीगढ़ में प्रस्तावित लॉजिस्टिक हब के विकास से जुड़ा है। इन प्रोजेक्ट्स के चलते देश-विदेश की बड़ी कंपनियों का निवेश इस इलाके में तेजी से बढ़ रहा है। YEIDA यहां लैंड बैंक तैयार कर रहा है, ताकि आने वाले समय में विकास कार्यों में रुकावट न आए।
किसानों को मिलेगा मुआवजा और प्लॉट दोनों
-
किसानों को तीन महीने के भीतर आबादी भूखंड (Residential Plots) का आवंटन कर दिया जाएगा।
-
बैनामा के दिन ही आरक्षण पत्र (Allotment Letter) मिल जाएगा।
-
एक साल के भीतर उनके नए प्लॉट में सड़क, पानी, बिजली, सीवरेज जैसी सभी सुविधाएं विकसित कर दी जाएंगी।
YEIDA किन जिलों में करता है काम?
YEIDA का प्राधिकरण क्षेत्र उत्तर प्रदेश के 6 जिलों में फैला है:
-
गौतमबुद्ध नगर
-
बुलंदशहर
-
मथुरा
-
अलीगढ़
-
हाथरस
-
आगरा