दरिंदगी की हदें पार: खंडहर में ले जाकर 13 वर्षीय बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म, दोस्त के साथ कुकर्म, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 02:12 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के आस्था कुंज पार्क के अंदर 17 साल की एक लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात के बाद अब NCR से सटे फरीदाबाद (हरियाणा) में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 24 अगस्त को 13 साल की एक नाबालिग बच्ची अपने पुरुष दोस्त के साथ बाहर गई थी। इसी दौरान तीन युवकों ने दोनों को घेर लिया और जबरन एक खंडहर जैसी जर्जर इमारत में ले गए। वहां आरोपियों ने 13 वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, वहीं उसके दोस्त के साथ अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न (कुकर्म) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही फरीदाबाद के BPTP थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपियों को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े हर पहलू और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

आस्था कुंज पार्क के अंदर 17 साल की एक लड़की के साथ गैंगरेप
बता दें कि इससे पहले 21 सितंबर को राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में स्थित प्रसिद्ध आस्था कुंज पार्क के अंदर 17 साल की एक लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात हुई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को डराया। इसके बाद उन्होंने लड़की को उसके दोस्त से अलग किया और पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर दरिंदगी की। इस मामले में भी पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

 लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी के सभी पार्कों का 'सुरक्षा ऑडिट' कराने का कड़ा निर्देश दिया है। इस ऑडिट में पार्कों के अंदर लाइटिंग (रोशनी), सुरक्षा घेरा और नियमित पुलिस गश्त पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, पार्कों और संवेदनशील इलाकों के आसपास 'पिंक पुलिस' (महिला पुलिसकर्मियों) की तैनाती बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।

 इतना ही नहीं दिल्ली-NCR में नाबालिगों के साथ हो रहे यौन अपराधों पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कड़ा संज्ञान लिया है। 28 सितंबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम अदालत ने प्रशासनिक ढिलाई, खराब लाइटिंग और कमजोर निगरानी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News