BAFTA 2026 में भारत की गूंज: मणिपुर की ‘बूंग’ ने लंदन में रचा इतिहास, जीता बेस्ट चिल्ड्रेन फिल्म अवॉर्ड
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 11:13 AM (IST)
London: फरहान अख्तार के एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित एक अलग अंदाज वाली मणिपुरी पृष्ठभूमि की हास्य-ड्रामा फिल्म 'बूंग' ने रविवार को लंदन में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म की श्रेणी में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता। इस फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में पहली बार हाथ आजमा रही लक्ष्मीप्रिया देवी ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए मणिपुर में शांति के लिए भावुक अपील की। उन्हें यह पुरस्कार 'पैडिंगटन द म्यूजिकल' के मुख्य किरदार पैडिंगटन बियर से मिला। मंच पर उनके साथ निर्माता फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और सहायक निर्देशक राहुल शारदा मौजूद थे।
Manipuri-language film Boong won the prestigious Best Children's & Family Film award. Congratulations to the cast and crewhttps://t.co/CZ8YX82e2m
— Smita Prakash (@smitaprakash) February 23, 2026
देवी ने कहा, ''यहां तक पहुंचना उस पहाड़ की चोटी पर पहुंचने जैसा लगा, जिसे चढ़ने के बारे में हमें पहले पता ही नहीं था।'' उन्होंने कामना की कि मणिपुर में शांति लौटे और विस्थापित बच्चों, जिनमें फिल्म के बाल कलाकार भी शामिल हैं, को फिर से उनकी खुशी मिलें और वे फिर से सपने देख सकें। गुगुन किपगेन और बाला हिजाम अभिनीत इस फिल्म ने 'लिलो एंड स्टिच', 'आर्को' और 'जूट्रोपोलिस 2' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़कर यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया। ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) पुरस्कार के 2026 संस्करण का आयोजन थेम्स नदी के किनारे रॉयल फेस्टिवल हॉल में किया गया। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने 'सेंटिमेंटल वैल्यू' के लिए 'बेस्ट फिल्म नॉट इन इंग्लिश लैंग्वेज' पुरस्कार प्रस्तुत किया।
उन्होंने अपने भाषण की 'नमस्ते' से शुरुआत करते हुए कहा कि सिनेमा की असली भाषा भावनाएं हैं। समारोह में लियोनार्डो डी कैप्रियो अभिनीत 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने सबसे ज्यादा छह पुरस्कार अपने नाम किए। बाफ्टा अध्यक्ष प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन भी मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह में शामिल हुए। भूत-पिशाच पर आधारित फिल्म ''सिनर्स'' और रहस्यमयी डरावनी फिल्म ''फ्रेंकेंस्टाइन'' ने तीन-तीन पुरस्कार जीते। पॉल थॉमस एंडरसन को ''वन बैटल आफ्टर अनदर'' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। जेसी बकली ने ''हैमनेट'' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता, जबकि रॉबर्ट अरामायो को ''आई स्वेयर'' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। उन्होंने लियोनार्डो डी कैप्रियो और टिमोथ चेलमेट जैसे सितारों को पछाड़कर यह पुरस्कार हासिल किया।
