''फ्रीज के अंदर नकली अंग'', बजरंग दल वालों की करतूत पर भड़के लोग, जानिए ''लव जिहाद’ से कैसे जुड़ा है ये पूरा मामला
punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2025 - 02:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के मुंगेर जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर निकाली गई झांकी ने राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। बजरंग दल द्वारा निकाली गई इस झांकी में एक फ्रीज के भीतर ‘नकली अंग’ रखे गए थे, जिससे सियासी बवाल खड़ा हो गया। इसमें ‘लव जिहाद’ की थीम पर आधारित नारे और कटआउट्स दिखाए गए थे, जिसके बाद विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आरोप लगाया कि यह झांकी बिहार का माहौल खराब करने और दंगे फैलाने की साजिश है।
झांकी में आपत्तिजनक सामग्री का प्रदर्शन
मुंगेर जिले में 26 फरवरी को 50 से अधिक झांकियां निकाली गईं, लेकिन एक झांकी पर ज्यादा विवाद हुआ। यह झांकी मनकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में समापन के दौरान शहर में घुमाई गई। इस झांकी में विशेष रूप से एक फ्रीज में शरीर के कटे हुए नकली अंग रखे गए थे। इसके अलावा, गाड़ी के अधिकांश हिस्से पर लाल रंग का प्रयोग किया गया था, जिससे खून का दृश्य प्रतीत हो रहा था। इसके साथ ही इस झांकी में ‘लव जिहाद’ और अंतरधार्मिक प्रेम के विषय पर कटआउट्स भी दिखाए गए थे।
RJD का आरोप माहौल बिगाड़ने की साजिश
RJD के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने इस झांकी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह झांकी बिहार में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और दंगे फैलाने की साजिश है। तिवारी ने कहा, "बिहार का माहौल खराब किया जा रहा है और दंगा-फसाद की स्थिति पैदा की जा रही है। महाशिवरात्रि पर ‘लव जिहाद’ की थीम क्यों दिखाई गई?" साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल किया कि क्या अब JDU और भाजपा इस तरह की झांकियों का विरोध करेंगे।
LJP और HAM ने आरोपों को किया खारिज
चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) के प्रवक्ता धीरेंद्र मुन्ना ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह झांकी शिव शक्ति और शिव भक्ति का प्रतीक थी, जो एकता और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने बिहार की शांति व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के विवादों का कोई आधार नहीं है।
HAM पार्टी के प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने भी इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि बिहार में कानून का राज है और सरकार समाजिक सद्भावना को बिगड़ने नहीं देगी। शरण ने कहा कि बिहार हमेशा शांति और सद्भाव के लिए जाना जाता है और यह स्थिति भविष्य में भी बनी रहेगी।
कांग्रेस और अन्य दलों की भी प्रतिक्रिया
इस विवाद के बाद कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी दलों ने भी बिहार सरकार से सवाल किए हैं। उनका कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग करना निंदनीय है। इन दलों का कहना है कि यदि इस प्रकार की झांकियों का उद्देश्य समाज में नफरत फैलाना है, तो उसे तत्काल रोका जाना चाहिए।