VIP नंबर का शौक पड़ेगा भारी! सरकारी गाड़ियों पर फडणवीस सरकार ने कसा शिकंजा, नहीं मिलेगा फैंसी नंबर का पैसा
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 09:18 PM (IST)
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी विभागों और अधिकारियों के लिए वाहन खरीदने से जुड़े नियमों को सख्त कर दिया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि सरकारी वाहनों के लिए VIP या फैंसी RTO नंबर खरीदने पर सरकारी खजाने से पैसा खर्च नहीं किया जाएगा।
नए निर्देशों के मुताबिक, सरकारी विभाग, मंत्री या अधिकारी अगर किसी वाहन के लिए अपनी पसंद का खास या VIP नंबर लेते हैं और इसके लिए भुगतान करते हैं, तो बाद में सरकार की ओर से उस खर्च की भरपाई नहीं की जाएगी।
सरकार का यह फैसला सरकारी धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है। अब सरकारी वाहनों के लिए सामान्य प्रक्रिया के तहत नंबर आवंटित किए जाएंगे और किसी खास नंबर के लिए अतिरिक्त सरकारी खर्च की अनुमति नहीं होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद विभागों और अधिकारियों को वाहन खरीदते समय इन नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। सरकार का मानना है कि सरकारी धन का इस्तेमाल केवल जरूरी और निर्धारित खर्चों के लिए ही किया जाना चाहिए।
इस फैसले के बाद सरकारी वाहनों पर VIP नंबर लगाने के लिए अतिरिक्त रकम खर्च करने की प्रवृत्ति पर रोक लगने की उम्मीद है। साथ ही, मंत्रियों और अधिकारियों की ओर से पसंदीदा नंबरों पर निजी तौर पर किए गए खर्च को भी सरकारी खाते में दिखाकर वापस लेने का रास्ता बंद कर दिया गया है।
