Exclusive Interview: दिल्ली देश की धड़कन विश्व सुनेगा इसकी आवाज: CM रेखा गुप्ता
punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 07:03 PM (IST)

Exclusive Interview Delhi CM Rekha Gupta : रेखा गुप्ता के रूप में दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिले करीब 2 माह हो गए हैं। इस दौरान एक तेज-तर्रार और 24 घंटे सक्रिय रहने वाली सीएम के तौर पर रेखा गुप्ता ने जनता के बीच, जनता के लिए मौजूद रहने की एक बड़ी रेखा खींची है।
वह दिल्ली को खूबसूरत, विकसित, स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित बनाने का सपना लेकर चल रही हैं। इसके लिए उन्होंने बिना रुके सतत काम करने का संकल्प लिया है। दिल्ली सीएम का मानना है कि देश की राजधानी को शानदार बनाने के उनके अटल इरादे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के निर्देशों-आदर्शों और भारतीय जनता पार्टी के विजन पर काम करके पूरे होंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से नवोदय टाइम्स और पंजाब केसरी के लिए अकु श्रीवास्तव, आशुतोष त्रिपाठी, निशांत राघव और मुकेश गुप्ता ने खास मुलाकात की है। इस दौरान विशेष बातचीत में दिल्ली सीएम ने हर सवाल का बेबाकी से जवाब दिया। प्रस्तुत हैं साक्षात्कार के प्रमुख अंश:
सवाल- रोजाना 10 से 12 सभाएं कर रही हैं और चौबीसों घंटे काम में जुटी हैं। ऐसे में परिवार के लिए समय कैसे निकाल पा रही हैं?
जबाव- दिल्ली का बैकलॉग बहुत सारा जमा हो गया था, अब इतने सालों का जो पेंडिंग काम है तो जनता को यह लगता है कि 27 सालों बाद यह सरकार आई है तो तुरंत काम करके देगी। जाहिर है कि काम ज्यादा है और समय कम है, तो मेहनत भी ज्यादा करनी है। लेकिन, लग गए हैं काम पर।
सवाल- काम के पीछे कर्म को महत्वपूर्ण मानती हैं या कृष्ण-राम को महत्वपूर्ण मानती हैं या आज की राजनीति में कुछ और है जिसे आप महत्वपूर्ण मानती हैं?
जबाव- मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण दो बातें हैं। एक नीयत और दूसरी नीतियां। नीयत हमारी साफ है, क्योंकि हम जिस विचार और परिवार के लोग हैं, वह हमें यही सिखाता है कि सबसे पहले देश फिर पार्टी और अंत में आप। जहां तक बात है नीतियों की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस की हमारी सारी की सारी नीतियां पूरी तरह से स्पष्ट हैं, टारगेट एकदम साफ है और जिस संकल्प के साथ हमने दिल्ली में सरकार बनाई है उसे सिद्धी तक पहुंचाना है।
सवाल- स्कूल फीस में बढ़ोतरी और बिजली कटौती का आरोप लगाकर विपक्ष में बैठी आम आदमी पार्टी दिल्ली की भाजपा सरकार पर सवाल उठा रही है, क्या कहेंगी?
जबाव- ये जो वर्ल्ड क्लास के दावे करने वाले लोग थे, अभी तो उनकी दी हुई विरासत ही हमें मिली है। इस समय दाखिला प्रक्रिया का समय होता है तो हर स्कूल यह चाहता है कि मैं अपनी फीस और संसाधन बढ़ा लूं। लेकिन, सरकार की तरफ से किसी भी स्कूल या संस्था को यह छूट अथवा सहयोग नहीं दिया जाएगा कि वो किसी बच्चे को अथवा उनके अभिभावकों को फीस जैसे मामले में प्रताड़ित करे। हमने बेहद कड़े एक्शन लिए हैं। हमने निरीक्षण किया है, सभी डीएम, एसडीएम को विजिट करके स्कूलों की ऑडिट एकाउंट रिपोर्ट लाने के लिए निर्देश दिया गया। यह सुनिश्चित कर दिया गया है कि यदि कोई स्कूल गलत तरीके से फीस बढ़ाने की कोशिश करेगा तो उसका रजिस्ट्रेशन खत्म कर दिया जाएगा। हमारी सरकार जल्द ही बेहद सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।
सवाल- स्कूल फीस वृद्धि मामले में बहुत सारी रिपोर्ट आई हैं, जिसमें मनमानी की गई है। इस पर क्या कहेंगी?
जबाव- हां, वास्तव में स्कूल फीस बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। कई सारे स्कूल इस ताक में हैं। हालांकि यह पहली बार नहीं है। कई अभिभावक हमसे मिलने आए और उन्होंने कहा कि पिछले साल बढ़ी हुई फीस नहीं दी थी तो स्कूल हमारे बच्चों को निकाल रहे हैं। सालों से स्कूल अपनी फीस बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, भाजपा सरकार मनमानी और नियमों को अनदेखा करके काम नहीं करने देगी। कुछ स्कूल प्रबंधन लगातार फीस बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। पिछली सरकारें इन स्कूल प्रबंधन के साथ चाय-पानी करती रही हैं। उनको सम्मानित करती रही हैं, उनको अवाॅर्ड देती रही हैं, लेकिन हमारी ओर से पूरी तरह से सिस्टम पारदर्शी है। हम नाजायज फीस बढ़ोतरी को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सवाल- दिल्ली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति काफी मजबूत हो गई है। क्या भाजपा केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार के साथ निगम में सत्ता हासिल कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की दिशा में बढ़ रही है?
जबाव- जिस दिन दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई तो यह तय मानिए कि यह दिल्ली का बड़ा सौभाग्य होगा। इससे हमारे काम करने की रफ्तार और अधिक तेजी से बढ़ जाएगी। दरअसल, कभी केंद्र और दिल्ली सरकार एक रही तो कभी दिल्ली सरकार और निगम एक रहे तो कभी केंद्र और निगम एक रहे, कभी सभी अलग-अलग रहे। यह परिस्थितियां दिल्ली के लिए नुकसानदायक रही हैं। अगर सभी संस्थाएं एक ही छाते के नीचे आती हैं तो निश्चित रूप से दिल्ली और दिल्लीवासियों को उसका लाभ मिलेगा।
सवाल- एमसीडी में भ्रष्टाचार को लेकर हमेशा से बातें होती रहती हैं, उस पर कैसे अंकुश लगाएंगे?
जबाव- हर भ्रष्टाचार का इलाज, हर लीकेज का समाधान किया जाएगा। हम लगातार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में काम कर रहे हैं। करप्शन को किसी भी स्तर पर कोई रास्ता नहीं दिया जाएगा। हम सिस्टम में पूरी तरह से पारदर्शिता ला रहे हैं और उसे जनता के हित में लाने का प्रयास कर रहे हैं।
सवाल- बिजली और पानी में सब्सिडी दिल्ली वालों को जो पहले से जारी थी, उसको अब भी बरकरार रखा, क्या उसमें कुछ बेस बढ़ाने की योजना है?
जबाव- पिछली सरकार की अधिकतर योजनाएं जिनको अब तक जारी रखा, हम थोड़ा सा उसको और अधिक पारदर्शी बनाने एवं बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। जैसे बसों में महिलाएं जाती थीं तो उनको बार-बार टिकट लेनी पड़ती थी। टिकट कटती थी पांच सौ और बिलिंग होती थी पंद्रह सौ की। सिस्टम में इस तरह का करप्शन जो पिछली सरकार किया करती थी, हम उसको बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। करप्शन के कारण ही डीटीसी बैंकरप्ट हो गई। सिस्टम में कहां कमी रही, यह तो सामान्य जन भी बता देगा।
सवाल- यमुना सफाई के मामले में आप क्या कहेंगी?
जबाव- पिछली सरकार ने दस वर्ष पूरी तरह से खराब कर दिए। प्वाइंट जीरो वन प्रतिशत काम भी उन्होंने यमुना सफाई के लिए नहीं किया। अब केंद्र के मार्गदर्शन में दिल्ली की भाजपा सरकार ने काम शुरू किया है। इसको समय की परिधि में नहीं बांट सकते हैं। 22 बड़े नाले यमुना में जाकर गिरते हैं, यमुना में तो अपना एक बूंद पानी ही नहीं बचा बल्कि सारा नाले का पानी ही उसमें मिल गया है। पहले की सरकार द्वारा नालों की सफाई के लिए एक कदम भी नहीं बढ़ाया गया। केंद्र ने आठ हजार करोड़ रुपए दिए थे, परंतु पिछली सरकार ने अपना हिस्सा भी नहीं दिया और यमुना सफाई के लिए कुछ किया भी नहीं। केंद्र सरकार के पैसे भी बर्बाद कर दिए। मैंने तीन हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। डीसेंट्रलाइज्ड एसटीपी नालों के लिए पाइप बिछाने की योजना बनाई गई है। ताकि नालों का पानी वहीं पर ही साफ हो और उसके बाद उसे आगे छोड़ा जाए। 22 बड़े नालों का पानी साफ करके यमुना में गिरे यही योजना है। यमुना में साफ पानी डालना उसमें ऑक्सीजन बढ़ाना जरूरी है। यह सारा काम चरणबद्ध तरीके से पूरा करना अपने आप में बहुत बड़ा काम है।
सवाल- महिला सीएम के रूप में आपका प्रभाव पूरे देश में है। बिहार में चुनाव प्रचार में आपको विशेष रूप से भेजा जाएगा, वहां की महिलाओं को क्या संदेश देना चाहेंगी?
जबाव- भाजपा एक बड़ा परिवार है और परिवार में जब उत्सव होता है तो सब लोग जुटते हैं। दिल्ली चुनाव हुए तो सब लोग आए। अन्य प्रदेशों में चुनाव होंगे तो हम लोग भी जाएंगे। कार्यकर्ता हैं हम, सब लोग मिलकर काम करेंगे। लेकिन पूरे देश में भाजपा की एक महिला मुख्यमंत्री होने के नाते उत्साह है, बहनों को लगता है कि पीएम मोदी ने यह सोचा कि इस समाज में नारी नेतृत्व वाली सरकार की जरूरत है। नारी की सहभागिता निर्णयों में हो, इसके लिए उन्होंने एक महिला मुख्यमंत्री बनाई। जिसके पास फाइनेंस व प्रशासनिक बड़े विभाग हैं, यह बड़ी बात है और इसकी ऊर्जा, इसकी सकारात्मकता मेरे पास है।
सवाल- दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर क्या कहेंगी?
जबाव- यह दिल्ली अपनी दिल्ली है, आप सब इसमें सेफ हैं। यह जिम्मेवारी सरकार की भी है कि वह ऐसा माहौल दे कि महिलाएं घर से निकलते समय डरें अथवा घबराएं नहीं। जितने भी संभव प्रयास हैं, उसको सरकार कर रही है और केंद्र व पुलिस के साथ मिलकर जितने भी प्रयास हैं, उसके लिए सरकार कदम उठा रही है।
सवाल- सीएम आवास को लेकर चर्चा काफी रही है। आप कहां रहेंगी?
जबाव- मैं लोगों के दिलों में रहूंगी। घर की मुझे कोई आवश्यकता नहीं है। घर मेरे पास है, जहां तक लोगों से मिलने-मिलाने के लिए जगह की बात है तो जल्द ही वह व्यवस्था भी हो जाएगी।
सवाल- बिजली कटौती पर विपक्ष लगातार भाजपा की प्रदेश सरकार को घेर रहा है, क्या कहेंगी?
जबाव- कुछ तो लोग कहेंगे, विपक्ष का काम है कहना, अगर वो मुद्दा नहीं बनाएंगे तो करेंगे क्या? हकीकत यह है कि पूरी दिल्ली में अघोषित पावर कट एक भी नहीं हुआ। जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में इन दिनों कितना कट होता था। यह सब कुछ हमारे ऊर्जा मंत्री ने आंकड़ों के साथ बताया। एक-एक चीज ऑन रिकाॅर्ड है। बिना बताए एक मिनट भी बिजली यहां नहीं जा सकती है। हमारी जवाबदेही जनता के प्रति है।
सवाल- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने का मुद्दा काफी समय से चल रहा है, क्या उसका वक्त अब आ गया है?
जबाव- ऐसी तो अभी कोई चर्चा या सोच नहीं है। अभी तो हमें केंद्र के नेतृत्व में राज्य और यूटी दोनों का लाभ मिल रहा है। सारी योजनाएं जो अन्य राज्यों में हैं वो सभी हमें मिल रही हैं। इसलिए अभी ऐसी कोई जरूरत लगती नहीं है।
सवाल- दिल्ली में विभाग ज्यादा हैं, जबकि मंत्री कम हैं। क्या लगता है आपको, दिल्ली में मंत्रियों की संख्या बढ़नी चाहिए?
जबाव- सबके पास अच्छे विभाग हैं, पर्याप्त विभाग हैं और लक्ष्य सभी का एक है। हम टीम हैं और दिल्ली में लगातार काम करने में लगे हैं। जितना संविधान में प्रावधान है उतना हमें मिल रहा है।
सवाल- सीएम रेखा के सपनों की दिल्ली कैसी होगी?
जबाव- बेहतर होगी, खूबसूरत होगी, स्वस्थ, शिक्षित और खुशहाल होगी दिल्ली। दिल्ली हमारी अपनी होगी। दिल्ली की प्रगति दिल्ली के लोग देखेंगे। दिल्ली देश की धड़कन है। इस धड़कन की आवाज पूरा विश्व सुनने वाला है। एक दौर में सबसे खूबसूरत राजधानी होती थी दिल्ली। इस दिशा में काम हो रहा है। विश्वास रखिए, बेहतर होने वाला है।