हफ्ते में सिर्फ 1 दिन इतने कदम चलने से बढे़गी उम्र और हार्ट डिजीज का खतरा होगा कम, रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 02:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अक्सर यह माना जाता है कि लंबी उम्र पाने के लिए रोजाना जिम जाना, सख्त डाइट फॉलो करना या घंटों एक्सरसाइज करना जरूरी है, लेकिन नई रिसर्च कुछ और ही कहती है। एक हालिया अध्ययन में पता चला है कि हफ्ते में सिर्फ एक दिन लगभग 4,000 कदम चलना भी आपकी उम्र बढ़ाने में मदद कर सकता है। शोध के मुताबिक, अगर बुजुर्ग महिलाएं रोज एक्सरसाइज नहीं कर पातीं, तो भी थोड़ी-सी वॉक से वे अपनी सेहत और उम्र दोनों सुधार सकती हैं।
क्या कहती है स्टडी?
यह रिसर्च 'British Journal of Sports Medicine' में प्रकाशित हुई है। इसमें 13,547 महिलाओं ने भाग लिया, जिनकी औसत आयु लगभग 72 वर्ष थी। अध्ययन में पाया गया कि जो महिलाएं हफ्ते में 1 या 2 दिन लगभग 4,000 कदम चलती थीं, उनमें किसी भी कारण से मृत्यु का जोखिम 26% तक कम था। वहीं, हृदय रोग से मरने की संभावना 27% कम पाई गई। रिसर्च में यह भी सामने आया कि जो महिलाएं हफ्ते में 3 या उससे अधिक दिन 4,000 कदम या उससे ज्यादा चलती हैं, उनके जल्दी मरने का जोखिम 40% तक घट जाता है।
यह भी पढ़ें - Gold Crash Today: 30 अक्टूबर को सोने के दामों में आई भारी गिरावट, जानें दिल्ली समेत बाकी शहरों में क्या है रेट
कैसे हुई रिसर्च?
2011 से 2015 के बीच इन महिलाओं ने लगातार 7 दिनों तक Accelerometer (कदम गिनने वाला उपकरण) पहना। इससे शोधकर्ताओं को पता चला कि कौन कितने दिन और कितने कदम चलती हैं। इसके बाद लगभग 10 वर्षों तक उनकी सेहत पर नजर रखी गई। इस दौरान 1765 महिलाओं की मृत्यु हुई और 781 को हृदय संबंधी बीमारियां हुईं। नतीजे बताते हैं कि जो महिलाएं हफ्ते में सिर्फ एक या दो बार भी सक्रिय रहती हैं, उनमें मृत्यु दर कम होती है। यानी थोड़ा-सा शारीरिक प्रयास भी लंबी उम्र में योगदान दे सकता है।
पैदल चलने से क्या होता है फायदा?
रिसर्चरों के अनुसार, 4,000 कदम चलना शरीर के ब्लड सर्कुलेशन, हार्ट हेल्थ और मेटाबॉलिज्म पर सकारात्मक असर डालता है। यह न केवल वजन नियंत्रण में मदद करता है, बल्कि स्ट्रेस कम करता है और नींद की गुणवत्ता भी सुधारता है।वैज्ञानिकों का मानना है कि लंबी उम्र पाने के लिए रोज घंटों एक्सरसाइज जरूरी नहीं, बल्कि कुल मिलाकर शरीर को सक्रिय रखना सबसे अधिक मायने रखता है।
कितनी देर चलना फायदेमंद है?
अगर कोई व्यक्ति हफ्ते में एक या दो बार 30 से 40 मिनट तक पैदल चलता है, तो यह समय से पहले मृत्यु के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। वहीं, 5,000–6,000 कदम या अधिक चलने से और भी बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।
