छत्तीसगढ़ : बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 नक्सली ढेर

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2024 - 11:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बेदरे थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिंगमेटा गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है।
 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिंगमेंटा-लंका गांव के जंगलों में इंद्रावती क्षेत्र समिति के प्लाटून नंबर-16 के कमांडर मल्लेश, माड़ मंडल कंपनी नंबर-एक के कमांडर अरुण उर्फ रुपेश और लगभग 25 अन्य माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर और बेदरे थाना के संयुक्त दल को बृहस्पवितार को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि आज शुक्रवार को शाम लगभग पांच बजे जब सुरक्षाबल के जवान हिंगमेंटा के जंगल में मौजूद थे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। बाद में जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब दो नक्सलियों का शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने हिंगमेटा के जंगल में माओवादियों के शिविर को ध्वस्त कर दिया है तथा खोजबीन के दौरान घटनास्थल से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News