शर्मनाक घटना! इंटरनेशनल फ्लाइट में पैसेंजर्स ने बोतल में किया पेशाब, लोगों ने एयरलाइन की...
punjabkesari.in Sunday, Aug 31, 2025 - 12:58 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क। एक अंतर्राष्ट्रीय उड़ान में हुई शर्मनाक घटना ने एयरलाइन सेवा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाली से ब्रिस्बेन जा रही वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की एक फ्लाइट में सभी टॉयलेट खराब हो गए जिसके बाद यात्रियों को मजबूरी में बोतलों का इस्तेमाल करना पड़ा। यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और लोगों ने एयरलाइन की जमकर आलोचना की।
6 घंटे की फ्लाइट में 3 घंटे टॉयलेट बंद
यह घटना बोइंग 737 मैक्स 8 विमान में हुई जिसने बाली से ब्रिस्बेन के लिए उड़ान भरी थी। शुरुआत में ही एक टॉयलेट में तकनीकी खराबी आ गई थी लेकिन उड़ान के बीच में बाकी सभी टॉयलेट भी बंद हो गए। 6 घंटे की इस यात्रा के आखिरी 3 घंटे यात्रियों के लिए बेहद मुश्किल भरे रहे। टॉयलेट बंद होने और बदबू से माहौल असहनीय हो गया था।
यात्रियों का गुस्सा
एक यात्री ने बताया कि वे सभी इस स्थिति से शर्मिंदा महसूस कर रहे थे। कई यात्रियों को जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थी बोतल में पेशाब करने के लिए मजबूर होना पड़ा। यात्रियों ने इसे अपमानजनक और अमानवीय बताया और एयरलाइन की कड़ी निंदा की।
एयरलाइन ने मानी गलती, दिया फ्लाइट क्रेडिट
मामला बढ़ने पर वर्जिन ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान जारी कर खेद जताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण टॉयलेट काम नहीं कर पा रहे थे। कंपनी ने क्रू की कोशिशों की सराहना की और प्रभावित यात्रियों को मुआवजे के रूप में फ्लाइट क्रेडिट देने का वादा किया।
हालांकि इस घटना ने फ्लाइट में यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन ने इसे यात्रियों और क्रू दोनों के लिए एक बड़ा खतरा बताया है।