महंगाई का नया झटका…1 अप्रैल से इस राज्य में बढ़ेंगे बिजली के दाम, इन लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:47 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। विद्युत वितरण कंपनियों ने बिजली दरों में बढ़ोतरी कर दी है। 1 अप्रैल से उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट करीब 30 से 40 पैसे अधिक भुगतान करना होगा।
जानकारी के अनुसार, बिजली कंपनियों ने 10.19% दर वृद्धि का प्रस्ताव रखा था, लेकिन मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने केवल 4.80% बढ़ोतरी की अनुमति दी है। फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 6 से 7 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली का बिल देना पड़ रहा है।
इन उपभोक्ताओं को नहीं लगेगा झटका
LT4 श्रेणी के अंतर्गत आने वाले कम आय वर्ग के घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। उन्हें मौजूदा दरों पर ही बिजली मिलती रहेगी और किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इसी तरह LT9 श्रेणी के तहत मेट्रो रेल सेवाओं के लिए भी बिजली दरों में कोई बदलाव नहीं होगा। इन फैसलों से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और जरूरी सेवाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है।
EV चार्जिंग पर खास छूट
इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशनों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 20% की छूट दी जाएगी। हालांकि, बाकी समय में 20% अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अटल गृह ज्योति योजना के तहत कम आय वाले परिवारों को 150 यूनिट तक जो रियायती दर मिलती है, वह आगे भी जारी रहेगी।
नए टैरिफ में उपभोक्ताओं के लिए कई बदलाव
नए टैरिफ आदेश में कई उपभोक्ता-हितैषी बदलाव भी किए गए हैं। कई श्रेणियों के लिए न्यूनतम शुल्क (minimum charges) को समाप्त कर दिया गया है। हाई टेंशन (HT) और एक्स्ट्रा हाई टेंशन (EHT) उपभोक्ताओं के लिए kWh आधारित बिलिंग व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।
रात के समय बिजली खपत पर मिलने वाली छूट भी बरकरार रखी गई है। इसके अलावा मीटरिंग शुल्क में भी राहत दी गई है। ऑनलाइन बिल भुगतान और समय पर बिल जमा करने पर मिलने वाले इंसेंटिव्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पावर फैक्टर और लोड फैक्टर से जुड़े प्रोत्साहन भी पहले की तरह ही जारी रहेंगे।
