नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस में बड़ी फूट, सोनिया को लिखा पत्र

punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2016 - 11:57 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव कमेटी का गठन किया। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा अनुमोदित इस कमेटी में पार्टी के प्रदेश अध्य्क्ष प्रदीप छाबड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, पूर्व उपाध्य्क्ष पवन शर्मा, पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर भूपिंदर सिंह बढ़ेहड़ी, पार्टी के महासचिव विनोद शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य हाकम सरहदी, पूर्व सचिव डा. इरशाद हस्सान, महिला कांग्रेस की प्रधान, सेवा दल के चीफ ऑर्गेनाइजर, यूथ कांग्रेस के प्रधान व एन.एस.यू.आई. के प्रधान शामिल हैं। 

इस कमेटी में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी के समर्थकों को जगह नहीं मिली है। खफा होकर इस गुट ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर इस कमेटी का विरोध किया है। विरोधी गुट ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा कि वह असंवैधानिक रूप से गठित इस कमेटी का विरोध करते हैं, जिसका गठन आगामी निगम चुनावों में प्रत्याशियों के चयन के लिए किया गया है। इन लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष से शिकायत की है कि इस एकतरफा कमेटी में उनके किसी वरिष्ठ नेता को नहीं लिया गया है। 

इन लोगों ने सोनिया गांधी को लिखा है कि चंडीगढ़ कांग्रेस पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के हाथों की कठपुतली बन कर रह गई है व हर कोई यह जानता है कि प्रत्याशियों के चयन का अंतिम निर्णय बंसल परिवार अपने घर पर बैठ कर लेगा। इस पत्र पर पूर्व पार्षद चंद्रमुखी शर्मा, प्रिंसीपल गुरबचन सिंह, जे.एन. शास्त्री, जगत शर्मा, कुलबीर सिंह, रविंद्र सिंह त्यागी, बलजीत सिंह बिल्ला, वासिम मीर, चंडीगढ़ युवक कांग्रेस के सचिव अमन स्लैचव सेवा दल के प्रदेश संयोजक शिवलाल लोधी के हस्ताक्षर हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News