सोने की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर ED का एक्शन, ₹54 करोड़ का गोल्ड जब्त

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 09:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने धनशोधन निवारण कानून के तहत असम में सीमा पार तस्करी-रोधी अभियानों के दौरान जब्त किए गए 54 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट कुर्क किए हैं। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि असम पुलिस ने जून में गुवाहाटी के खारघुली हातिसिल में अक्षय परशुराम बंसोडे के पास से यह सोना जब्त किया था, जो अब कामरूप मेट्रो कोषागार में है।

यह जांच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और म्यांमा से तस्करी कर लाए गए सोने के संगठित तरीके से अवैध परिवहन करने और उसे छिपाने तथा इससे जुड़ी आपराधिक साजिश के मामलों से संबंधित है। ईडी ने कहा कि बंसोडे कई वर्षों से जिस अज्ञात व्यक्ति के निर्देश पर एक सांकेतिक पहचान प्रणाली का इस्तेमाल करके पूरे भारत में सोने का परिवहन करता था। इसके बदले बंसोडे को हर महीने तय रकम दी जाती थी।

एजेंसी ने कहा कि जब्त किया गया सोना म्यांमा और यूएई के रास्ते भारत में कथित तौर पर तस्करी कर लाया गया था, जिसके लिए भुगतान हवाला चैनलों के माध्यम से किया गया था। इसके बाद, एक 'बुलियन रिफाइनिंग कंपनी' से जुड़े कुछ व्यापारियों द्वारा बनाए गए बिलों का उपयोग करके इस सोने को औपचारिक व्यापार में शामिल करने का प्रयास किया गया था।

एजेंसी ने बताया कि गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय-1 द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 37.06 किलोग्राम सोने को कुर्क करने का एक अनंतिम आदेश जारी किया गया था, जिसमें 29 बड़े बिस्किट और 50 छोटे टुकड़े शामिल थे, साथ ही 13 ग्राम वजन के चांदी के रंग के धातु के टुकड़े भी शामिल थे। इसमें कहा गया है कि जब्त किए गए सोने का अनुमानित मूल्य 54 करोड़ रुपये है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News