ED के बाद अनिल अंबानी पर CBI का शिकंजा, ₹2220 करोड़ मामले में नया केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:05 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी की कानूनी चुनौतियां और बढ़ती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मुंबई स्थित उनके आवास ‘अबोड’ को कुर्क किए जाने के बाद अब Central Bureau of Investigation (सीबीआई) ने भी उनके खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। यह केस Bank of Baroda से जुड़े 2,220 करोड़ रुपए से अधिक के कथित लोन अनियमितता से संबंधित है।
2013-17 के कर्ज लेनदेन पर जांच
सीबीआई ने यह कार्रवाई बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर शुरू की है। आरोप है कि 2013 से 2017 के बीच Reliance Communications (आरकॉम) द्वारा लिए गए कर्ज का उपयोग स्वीकृत उद्देश्यों से अलग किया गया, जिससे बैंक को भारी वित्तीय नुकसान हुआ। मामला दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी ने अंबानी के आवास और कंपनी के रजिस्टर्ड कार्यालयों पर तलाशी अभियान चलाया, जहां से कई अहम दस्तावेज जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फंड डायवर्जन के आरोप
शिकायत के अनुसार, आरकॉम और उससे जुड़ी कंपनियों Reliance Infratel Limited और Reliance Telecom Limited ने बैंकों व वित्तीय संस्थानों से कुल 31,580 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। आरोप है कि इस राशि का एक हिस्सा अन्य बैंकों के कर्ज चुकाने, संबंधित पक्षों को भुगतान करने और अस्थायी निवेश में लगाया गया। फोरेंसिक ऑडिट में कथित रूप से फंड के अनधिकृत उपयोग के संकेत मिले हैं। बैंक का दावा है कि लोन शर्तों का उल्लंघन करते हुए राशि को व्यवस्थित तरीके से डायवर्ट किया गया।
एनपीए से धोखाधड़ी की श्रेणी तक
खाते को 5 जून 2017 को एनपीए घोषित किया गया था। बाद में इसे धोखाधड़ी की श्रेणी में डालने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिस पर Bombay High Court ने अस्थायी रोक लगा दी थी। 23 फरवरी को यह रोक हटने के बाद बैंक ने सीबीआई में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
ईडी की जांच भी जारी
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब Enforcement Directorate (ईडी) एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी अंबानी से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई है और आगे भी उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जा सकता है।
