Pakistan Independence Day : पहले पाकिस्तान 15 अगस्त को मनाता था स्वतंत्रता दिवस, फिर 14 को मनाने लगा, जानिए वजह
punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2023 - 07:57 AM (IST)

Pakistan Independence Day 2023: पाकिस्तान आज यानी कि 14 अगस्त को अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। भारत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है। हालांकि, एक समय ऐसा था जब दोनों देश एक ही दिन सेलिब्रेशन करते थे, लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि पाकिस्तान ने 14 अगस्त को आजादी दिवस मनाना शुरू कर दिया। तो आइए जानें कि आखिर क्यों पाकिस्तान 15 अगस्त की बजाय एक दिन पहले 14 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाने लगा...
जिन्ना ने 15 अगस्त को माना था स्वतंत्रता दिवस
जब बंटवारा हुआ था तो पाकिस्तान ने पहले दो स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को ही मनाए थे, लेकिन बाद से इसे 14 अगस्त को ही मनाया जा रहा है। दरअसल, पाकिस्तान के कायद-ए-आजम मोहम्मद अली जिन्ना ने देश के नाम पहला संबोधन 15 अगस्त को किया था। उन्होंने तब आवाम को संदेश देते हुए कहा था कि 15 अगस्त स्वतंत्रता और संप्रभु राष्ट्र पाकिस्तान का जन्मदिन है। पाकिस्तान के 14 अगस्त को स्वतंत्र दिवस मनाने के पीछे दो वजह बताई जाती हैं।
दरअसल, पाकिस्तान को 14 अगस्त को ही अलग राष्ट्र के तौर पर मंजूरी मिल गई थी। वहीं 14 अगस्त 1947 को रमजान का 27वां दिन यानी शब-ए-कद्र था। इस्लामिक मान्यता के अनुसार, धार्मिक ग्रंथ कुरआन इसी रात उतारा गया था। इस्लामिक कैलेंडर के आधार पर 14 अगस्त को बहुत ही पवित्र दिन माना जाता है। यही कारण है कि पाकिस्तान ने फिर 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाने का फैसला किया। इसके अलावा दूसरा तर्क यह भी दिया जाता है कि 14 अगस्त 1947 को ही ब्रिटिश वायसराय लार्ड माउंटबेटन ने पाकिस्तान को आजाद मुल्क घोषित कर दिया था।
आधा घंटा पहले मिली थी आजादी
इसके अलावा समय को पाकिस्तान के एक दिन पहले आजादी का दिन मनाने की वजह बताते हैं। भारत को 15 अगस्त 1947 को रात 12 बजे आजादी मिली थी, लेकिन पाकिस्तान का वक्त भारत के वक्त से 30 मिनट आगे है. इसलिए वहां के हिसाब से 14 अगस्त रात 11.30 बजे पाकिस्तान को आजादी मिली थी। इसलिए पाकिस्तान में 14 अगस्त को यौम-ए-आजादी मनाई जाती है।