दिल्ली-NCR में आज भी धूल भरी आंधी और बारिश के आसार, 5 उड़ानें डायवर्ट

punjabkesari.in Monday, Apr 08, 2019 - 10:50 AM (IST)

नई दिल्लीः मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बेहद हल्की बारिश तथा धूल भरी आंधी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। हालांकि इसकी तीव्रता रविवार से कम रहेगी। राजधानी में रविवार दोपहर तापमान के 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने के बाद शाम को आई आंधी और बारिश से तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट आई।

5 उड़ानों को लखनऊ की ओर मोड़ा
बारिश और आंधी की वजह से रविवार रात 8 से 10 बजे के बीच दिल्ली से 5 उड़ानों को लखनऊ की ओर मोड़ा गया। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विस्तारा की 2, एयर इंडिया की 2 और गल्फ एयर की 1 उड़ान को लखनऊ हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया है।
PunjabKesari

50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली हवा
दिल्ली के कई हिस्सों में बिजली चमकने और धूल भरी हवा चलने के साथ हल्की बारिश हुई। पालम और सफदरजंग वेधशाला में हवाओं की गति प्रति घंटे 40-50 किलोमीटर दर्ज की गई। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के सीईओ जतिन सिंह ने कहा कि आईजीआई ने रात आठ बजे 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने की जानकारी दी है। यह गति आगे और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि पालम वेधशाला में 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दोपहर के वक्त अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। यह शनिवार को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम था।
PunjabKesari
न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से छह डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आंधी के बाद तापमान में छह-सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम वैज्ञानिक उत्तर भारतीय मैदानी क्षेत्र में अत्यधिक तापमान और पूर्वोत्तर राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती प्रसार को आंधी का कारण बता रहे हैं।

PunjabKesari

अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर में तेज हवाओं के साथ आंधी
अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर के असम, मेघायल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और गांगेय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी चलने के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, उप हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और केरल के विभिन्न हिस्सों में इस दौरान गरज के साथ आंधी आने की संभावना है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ ओले और आंधी चलने के आसार है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर रुक रुक कर धूल भरी आंधी और तेज हवाए चलने के आसार है। असम, मेघालय और गांगेय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश के आसार है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्म हवाए चलने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News