पालघर: नशे में धुत टेंपो चालक ने पैदल यात्रियों-दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, दो की मौत

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2024 - 05:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पालघर जिले में नशे में धुत टेंपो चालक ने दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और अन्य छह घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकरी दी। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बुधवार की रात वाडा इलाके में हुई। टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि टेंपो चालक ने सबसे पहले, पैदल चल रहे 36 वर्षीय अशोक कलिंगदा और 35 वर्षीय अजिंक्य बेरडे को कुचला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नशे में धुत चालक ने कुछ दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे छह लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घायल व्यक्तियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाडा पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि टेंपो चालक पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या का और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News