यात्रीगण कृपया ध्यान दें: रात में ट्रेन सफर के दौरान में भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना भुगतना पड़ सकता है भारी जुर्माना
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 09:56 PM (IST)
नई दिल्ली: लंबी दूरी की यात्रा के लिए अक्सर लोग रात का समय चुनते हैं ताकि सोते हुए सफर कट जाए, लेकिन आपकी एक छोटी सी गलती अब आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। रेलवे ने रात के सफर को आरामदायक बनाने के लिए कुछ सख्त नियम बनाए हैं, जिनका उल्लंघन करने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
शोर मचाया तो खैर नहीं: फोन पर बात और म्यूजिक के लिए नए निर्देश
अक्सर देखा गया है कि लोग रात में भी फोन पर जोर-जोर से बातें करते हैं, जिससे दूसरों की नींद खराब होती है। अब रेलवे नियमों के मुताबिक, रात में फोन पर तेज आवाज में बात करना मना है। इसके अलावा, ट्रेन में लाउडस्पीकर पर गाना बजाना या तेज आवाज में वीडियो चलाना भी नियमों के खिलाफ है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दूसरों की शांति का ध्यान रखते हुए ईयरफोन का इस्तेमाल करें।
लाइट्स और मिडिल बर्थ का ये है नियम
शांति बनाए रखने के साथ-साथ कोच की रोशनी को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। रात के समय कोच की मुख्य लाइटें बंद कर दी जाती हैं ताकि यात्री आराम कर सकें, केवल नाइट लाइट ही चालू रखने की अनुमति है। वहीं, मिडिल बर्थ को लेकर अक्सर होने वाले झगड़ों पर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रात 10 बजे के बाद लोअर बर्थ वाला यात्री मिडिल बर्थ वाले को सोने से नहीं रोक सकता।
टीटीई (TTE) भी नहीं करेगा परेशान, जानें समय
यात्रियों की नींद में खलल न पड़े, इसके लिए रेलवे ने टीटीई के लिए भी समय सीमा तय की है। नियम के अनुसार, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच आमतौर पर टीटीई टिकट चेक नहीं करते हैं। हालांकि, यह नियम उन यात्रियों पर लागू नहीं होता जो रात 10 बजे के बाद ही ट्रेन में सवार हुए हैं।
खाने का ऑर्डर देते समय बरतें सावधानी
रात में सफर के दौरान खान-पान का भी खास ख्याल रखना जरूरी है। रात 10 बजे के बाद ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना मुश्किल हो सकता है क्योंकि डिलीवरी समय पर नहीं मिल पाती। यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे ई-कैटरिंग (e-catering) के जरिए पहले से ही खाना प्री-ऑर्डर कर लें। याद रखें, ये छोटे-छोटे नियम आपकी यात्रा को न केवल सुरक्षित बल्कि सुखद भी बनाते हैं।
