अंधविश्वास का घिनौना खेल: झाड़-फूंक के बहाने 7 माह की गर्भवती से गैंगरेप, तांत्रिक ने कबूला गुनाह, दो साथी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 02, 2025 - 12:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के शिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के मडेरा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां झाड़-फूंक के बहाने एक 25 वर्षीय 7 महीने की गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म और फिर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
अंधविश्वास का फायदा उठाकर दिया घिनौनी वारदात को अंजाम
पीड़ित महिला की तबीयत खराब होने के कारण उसके ससुर अंधविश्वास में आकर उसे मधेरा गांव के एक तांत्रिक के पास झाड़-फूंक करवाने ले गए थे। पहली बार में तांत्रिक ने महिला के ससुर को बाहर बैठा दिया और गर्भवती महिला को अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज और डर के कारण महिला ने यह बात किसी को नहीं बताई।
कुछ समय बाद महिला की तबीयत फिर खराब हुई तो परिवार वाले उसे दोबारा उसी तांत्रिक के पास ले गए। तांत्रिक ने एक बार फिर वही हरकत दोहराई। तीसरी बार जब महिला को तांत्रिक के पास लाया गया और आरोपी ने फिर दुष्कर्म किया तो इस बार उसके दो अन्य साथियों ने भी महिला के साथ गैंगरेप किया।
हिम्मत कर बताई आपबीती, पुलिस ने की कार्रवाई
इस बार महिला चुप नहीं रह सकी और उसने अपने परिवार के सदस्यों को अपने साथ हुई भयानक घटना के बारे में बताया। यह सुनकर परिवार सदमे में आ गया। घटना के दौरान महिला की हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बिना देर किए शिवाईपट्टी पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी।
मुख्य आरोपी तांत्रिक शिवशंकर साह गिरफ्तार
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तांत्रिक शिवशंकर साह को उसके घर मधयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। शिवाईपट्टी थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस को शिवशंकर साह के घर पर होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद छापेमारी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बाकी दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकतें
बताया जा रहा है कि यह आरोपी तांत्रिक शिवशंकर साह पहले भी झाड़-फूंक के नाम पर कई अन्य महिलाओं के साथ ऐसी घिनौनी हरकतें कर चुका है। लोकलाज और बदनामी के डर से महिलाएं चुप रह जाती थीं, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ता गया। कुछ महिलाओं ने मौके पर ही इसका विरोध किया जिसके चलते आरोपी के साथ मारपीट भी हुई थी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि डॉक्टरों ने भी महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की है।