धोनी के कट्टर फैन ने किया सुसाइड, CSK के रंग में पूरा घर करा लिया था पेंट
punjabkesari.in Friday, Jan 19, 2024 - 07:58 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत के महानतम कप्तानों में महेंद्र सिंह धोनी का नाम शुमार होता है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते। धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2020 में ही सन्यास ले लिया था। धोनी की फैन फॉलोइंग इतनी है कि उनकी एक झलक पाने को क्रिकेट फैन्स बेताब रहते हैं। इस बीच एक दुखद खबर सामने आई है।
दरअसल, धोनी के कट्टर फैन गोपी कृष्णन ने गुरुवार को सुसाइड कर लिया। जानकारी के मुताबिक, गोपी कृष्णन का पड़ोस के गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था, जिससे तंग आकर उन्होंने ये कदम उठाया। गोपी के भाई और स्थानीय पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की।
तमिलनाडु के कडलूर जिले के रहने वाले गोपी कृष्णन भी धोनी और उनकी टीम सीएसके के कट्टर फैन थे। गोपी कृष्णन ने अपने घर को पीले रंग से पेंट करवा लिया था, जो सीएसके का पारंपरिक कलर है। गोपी ने अपने घर का नाम 'होम ऑफ धोनी फैन' रखा था। साल 2020 में सीएसके फ्रेंचाइजी ने इस फैन की फोटो शेयर की थी।
मृतक के भाई राम ने थांथी टीवी को बताया, 'मेरे भाई का पड़ोस के गांव के कुछ लोगों के साथ वित्तीय विवाद था। गोपी का हाल ही में उनके साथ झगड़ा हुआ था और वह इस घटना में घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से वह परेशान थे।' रामनाथम के एक पुलिस अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को को बताया कि गोपी ने पुरानी दुश्मनी के चलते ही आत्महत्या की है। रामनाथम पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।