7 राज्यों में डेंस फॉग का अलर्ट! हिमाचल समेत इन राज्यों मे जगह बारिश... मौसम में आएंगे ये बदलाव

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 06:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क : फरवरी के शुरुआती दिनों में ही मौसम ने फिर करवट लेना शुरू कर दिया है। देश के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ राज्यों में ठंड का असर बना रहेगा, जबकि कई इलाकों में कोहरे की मोटी परत छाई रह सकती है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और बिहार में रात का तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है।

पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम के फिर से बिगड़ने की चेतावनी दी है। इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खास तौर पर 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

इन राज्यों में कोहरे का अलर्ट

IMD के अनुसार, देश के कम से कम सात राज्यों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके अलावा उत्तराखंड, उत्तरी तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली-NCR का हाल

दिल्ली-NCR में 9 फरवरी को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं 10 फरवरी को भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News