दिल्लीवासी होंगे तपती गर्मी से परेशान, UP में बारिश और आंधी की संभावना, जानें अपने राज्य का हाल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 19, 2025 - 08:26 AM (IST)

नेशनल डेस्क। मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। मार्च में होली से पहले दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बादल छाने और बारिश होने से मौसम काफी सुहाना था लेकिन अब दिल्ली के मौसम में बदलाव होने वाला है। आगामी दो दिनों यानी बुधवार और गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद आसमान साफ होने के कारण गर्मी बढ़ेगी। वहीं उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा और कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो चुका है जिसके कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से बादल हट जाएंगे और आसमान साफ हो जाएगा। इसके कारण गर्मी का सिलसिला बढ़ेगा। हालांकि इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 21 और 22 मार्च को उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटका, ओडिशा और तेलंगाना में भी तापमान बढ़ने से गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

PunjabKesari

 

 

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अब गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। 21 मार्च से मौसम में बदलाव शुरू होगा। आसमान साफ हो जाएगा और तेज धूप पड़ेगी जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। 21 मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 24 मार्च तक तापमान में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। 24 मार्च को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

PunjabKesari

 

कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से हवा के संगम के कारण मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों का मौसम बदलने वाला है। इसके प्रभाव से 20-22 मार्च के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश और आंधी की संभावना है। 21 और 22 मार्च को बिहार में भी भारी बारिश और आंधी हो सकती है। 19-22 मार्च के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अनुमान है। वहीं 20 और 21 मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज, बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है।

PunjabKesari

 

 

आज का मौसम

वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे होगी। इसके साथ ही बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा पंजाब, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है। गुजरात और कर्नाटका में भी गर्म हवाएं और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

इस मौसम बदलाव के दौरान दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर देखा जाएगा जबकि दिल्ली में गर्मी बढ़ेगी वहीं उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी के कारण मौसम ठंडा रहेगा। अन्य राज्यों में भी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News