दिल्लीवालों हो जाओ अलर्ट! खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर, अलर्ट हुआ प्रशासन
punjabkesari.in Thursday, Aug 28, 2025 - 10:57 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बुधवार रात पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 205.35 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर सुबह से ही तेजी से बढ़ रहा है और यह लगातार दूसरे दिन चेतावनी स्तर से ऊपर बना रहा।
लोगों को शिफ्ट करने की तैयारी
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, अगर जलस्तर 206 मीटर तक पहुंचता है, तो नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार सुबह 9 बजे यमुना का जलस्तर 204.61 मीटर था, जो दिन भर बढ़ता रहा और रात तक खतरे के निशान को पार कर गया।
हथिनीकुंड और वजीराबाद बैराज से छोड़ा गया पानी
केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि जलस्तर बढ़ने की मुख्य वजह हथिनीकुंड और वजीराबाद बैराज से लगातार छोड़ा जा रहा पानी है। वर्तमान में वजीराबाद से हर घंटे करीब 41,206 क्यूसेक और हथिनीकुंड से 55,830 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। आमतौर पर यह पानी दिल्ली तक पहुंचने में 48 से 50 घंटे का समय लेता है।
अधिकारियों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे काफी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ऊपरी इलाकों से कम पानी छोड़ा जा रहा है, फिर भी यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। पुराने रेलवे पुल से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि सही अनुमान लगाया जा सके।