चीख उठी दिल्ली: मासूमियत लहूलुहान, नाबालिग से रेप-मर्डर कर सूटकेस में फेंका शव

punjabkesari.in Sunday, Jun 08, 2025 - 12:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क। राजधानी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची का शव एक बंद मकान के अंदर ब्रीफकेस में खून से लथपथ मिला जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


बर्फ देने निकली थी बेटी, ब्रीफकेस में मिला अर्धनग्न शव

यह भयावह घटना 7 जून की रात करीब 8:41 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि नेहरू विहार की गली नंबर 2 में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुँची तो पता चला कि लड़की को उसके पिता जेपीसी अस्पताल ले जा चुके थे जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसके चेहरे पर गहरी चोटों के निशान पाए और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई।

मृत बच्ची के पिता ने बताया कि शनिवार शाम उनकी बेटी पास में रहने वाली अपनी बड़ी अम्मी को बर्फ देने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। जिस परिजन के घर उसे बर्फ लेकर जाना था वहाँ पहुँचने पर पता चला कि वह घर आई ही नहीं थी।

परिजनों ने आसपास के बच्चों से पूछताछ की तो मालूम हुआ कि बच्ची एक खाली मकान की ओर गई थी। जब पिता उस मकान पर पहुँचे तो बाहर से ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर जाने पर उन्हें एक ब्रीफकेस मिला जिसमें से खून रिस रहा था। जैसे ही उन्होंने ब्रीफकेस खोला उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी बेहोशी की हालत में अर्धनग्न और खून से लथपथ पड़ी हुई है। तुरंत खुद को संभालते हुए वे बच्ची को अस्पताल ले गए जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


परिवार का आरोप और पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घिनौनी वारदात को इलाके के ही कुछ स्थानीय लड़कों ने अंजाम दिया है। उनका कहना है कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद से ही फरार हैं। पुलिस ने पीड़िता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में FIR नंबर 300/25 के तहत BNS की धारा 103(1)/66/13(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और अलीगढ़ में छापेमारी जारी

जानकारी के अनुसार इन हैवानों की तलाश के लिए पुलिस ने 6 टीमें गठित की हैं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए ये 6 टीमें दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और अलीगढ़ में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि वे सभी तकनीकी और स्थानीय सुरागों को खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से नेहरू विहार इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द कानून के कटघरे में लाया जाएगा। यह मामला एक बार फिर से राजधानी में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News