दिल्ली पुलिस ने पोलैंड के फर्जी वीजा मामले में हरियाणा के एजेंट गगनदीप सिंह को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Apr 03, 2025 - 05:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस ने विदेश यात्रा करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए पोलैंड के फर्जी वीजा की व्यवस्था करने के आरोप में हरियाणा के 36 वर्षीय एजेंट गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस मामले की जानकारी दी। गगनदीप सिंह 2021 में वीजा धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित था। 

2021 में दर्ज वीजा धोखाधड़ी मामले में गगनदीप की गिरफ्तारी

अधिकारी ने बताया कि गगनदीप सिंह कुरुक्षेत्र का निवासी है और वह एक आदतन अपराधी है। वह दिल्ली हवाई अड्डे पर वीजा धोखाधड़ी के दो अन्य मामलों में भी शामिल था। गगनदीप सिंह का नाम तब सामने आया जब पुलिस ने कुलविंदर नामक एक अन्य एजेंट को गिरफ्तार किया था, जो उसी मामले में शामिल था। 

पोलैंड के फर्जी वीजा से यात्रा की तैयारी

पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर 2021 को पंजाब के दो यात्री चंद्र प्रकाश और सरबजीत दिल्ली हवाई अड्डे पर पोलैंड के लिए उड़ान भरने के इरादे से पहुंचे थे। लेकिन आव्रजन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट पर पोलैंड का फर्जी वीजा पाया। पूछताछ के दौरान दोनों यात्रियों ने खुलासा किया कि उन्होंने कुलविंदर को 3-3 लाख रुपये दिए थे, जिन्होंने उन्हें पोलैंड के रास्ते पुर्तगाल जाने का वादा किया था और उनके लिए जाली वीजा और यात्रा टिकटों का इंतजाम किया था।

गगनदीप की गिरफ्तारी और उसकी स्वीकारोक्ति

सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद, पुलिस ने कुलविंदर के प्रमुख सहयोगी गगनदीप की पहचान की। गगनदीप को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया और उसने लगातार पूछताछ के दौरान धोखाधड़ी में अपनी भूमिका कबूल की। उसने स्वीकार किया कि वह कई वर्षों से एजेंट के रूप में काम कर रहा था और कुलविंदर के साथ मिलकर विदेश यात्रा के इच्छुक व्यक्तियों को ठगने का काम कर रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News