देशभर में मानसून एक्टिव, दिल्ली समेत 23 राज्यों में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया नया अपडेट

punjabkesari.in Thursday, Aug 15, 2024 - 07:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर मौसम पूर्वानुमान: देशभर में मानसून सक्रिय है। आज 15 अगस्त को राजधानी दिल्ली में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है, लेकिन खराब मौसम इस जश्न में खलल डाल सकता है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और हवा भी चल रही है, लेकिन चिपचिपी उमस ने लोगों को असहज कर दिया है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली समेत देशभर के 23 राज्यों में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। कल भी दिल्ली और नोएडा में बारिश हुई थी। उत्तर प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है। देशभर में कई नदियाँ उफान पर हैं और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। आइए जानते हैं कि आज और आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा।

दिल्ली में आज और कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज और कल बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय मौसम में काफी उमस रही, जिससे लोग असहज महसूस कर रहे थे। दिन चढ़ते ही हवाओं ने राहत पहुंचाई, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए हैं। शाम तक मौसम में बदलाव आ सकता है, जिससे छुट्टी का दिन प्रभावित हो सकता है। कल भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, लद्दाख, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News