दिल्ली में गांधी नगर स्थित कपड़ों की दुकान में लगी आग को सवा घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया गया

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 12:03 PM (IST)

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी के गांधी नगर इलाके में सोमवार सुबह रेडीमेड कपड़ों की एक दुकान में आग लग गई, जिसे दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद बुझा दिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, गांधी नगर की नेहरू गली स्थित एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना सुबह करीब आठ बजकर 56 मिनट पर मिली, मगर मौके पर जाकर पता चला कि आग एक इमारत की भूतल पर स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी थी। 

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में दमकल की आठ गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में सुबह नौ बजकर 15 मिनट पर चार और गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि 35 गज क्षेत्र में बनी इस इमारत में भूतल और तीन ऊपरी तीन मंजिलें हैं। अधिकारी ने बताया कि दमकल की गाड़ियों ने 10:10 तक आग पर काबू पा लिया और 10:20 पर आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News