दिल्लीः ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर में लगी आग, चार लोगों की मौ/त, 2 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 12:17 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार सुबह चार मंजिला इमारत के भूतल पर बने ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्र में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब चार बजकर 20 मिनट पर लगी आग ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए लगाए गए बिजली वितरण बोर्ड से शुरू हुई और तेजी से पूरे भूतल क्षेत्र में फैल गई।

आग में चार ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इसने कहा कि आग लगने के संबंध में सुबह करीब चार बजकर 30 मिनट पर फर्श बाजार थाने को फोन आया। पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले स्थानीय निवासी मदन लाल शर्मा ने सूचना दी कि एक मकान में आग लगी है और हो सकता है कि उसके अंदर लोग सो रहे हों। दमकल की चार गाड़ियों, चार एंबुलेंस, एक आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन और आपदा प्रबंधन दल को मौके पर भेजा गया।

इमारत में किराये पर रहने वाले छह पुरुष पहली मंजिल पर खुले स्थान में सो रहे थे और आग लगने पर वहां फंस गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ''घायल छह लोगों में से चार को अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया।

झुलसे हुए शेष दो लोगों को जीटीबी अस्पताल भेजा गया।'' इसने बताया कि जीवित बचे लोगों में से एक की पहचान रामवीर (50) के रूप में हुई है। शेष पांच लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब 50 वर्ग गज में फैली इमारत के मालिक की पहचान कर ली गई है और वह इसी इलाके में रहता है। उसने इमारत एक अन्य व्यक्ति को किराये पर दे रखी थी।

उन्होंने बताया कि इमारत के भूतल का इस्तेमाल ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए किया जाता था और उनके चालक परिसर में ही सोते थे। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जानकारी से पता चला है कि आग वाहनों को चार्ज करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बिजली वितरण बोर्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News