रिश्ते हुए तार- तार! बाप ने अपनी 14 साल की नाबालिग के साथ किया कई बार रेप, ऐसे सामने आया मामला
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 11:53 AM (IST)
Crime news: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 14 साल की नाबालिग बेटी के साथ कई बार रेप किया। इस घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब आठवीं में पढ़ने वाली पीड़िता ने पुलिस को जाकर इस घटना के बारे में बताया।
माँ के जाते ही पिता बना हैवान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की माँ करीब 15 दिन पहले बिहार स्थित अपने पैतृक गांव गई थी। घर में माँ की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर पिता ने अपनी ही बेटी को हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी की आधी रात उसके पिता ने डरा-धमकाकर उसके साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने और चुप रहने की धमकी दी गई।

छोटे भाई-बहनों की सुरक्षा के लिए तोड़ी चुप्पी
छात्रा ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में उसके साथ 4 से 5 बार यह घिनौनी हरकत की गई। वह अब तक खामोश थी क्योंकि उसका पिता अक्सर उसके और उसकी माँ के साथ मारपीट करता था। लेकिन जब उसे महसूस हुआ कि उसके छोटे भाई-बहनों पर भी खतरा मंडरा सकता है, तो उसने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामने आने का फैसला किया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पहाड़गंज थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से बिस्तर की चादर और अन्य फॉरेंसिक सबूत भी एकत्र किए हैं।
