दिल्लीः CM रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग का किया दौरा, नई परियोजनाओं का किया शुभारंभ
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 07:02 PM (IST)
नेशनल डेस्कः दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पीतमपुरा के पीयू ब्लॉक में नई सीवर लाइन बिछाने की परियोजना की शुरुआत की। यह परियोजना लंबे समय से चली आ रही सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके पूरा होने पर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था अधिक सुचारु और स्वच्छ होगी।
मुख्यमंत्री ने क्यूयू ब्लॉक में सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यों के पूरा होने से जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और स्थानीय निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अतिरिक्त, पीतमपुरा स्थित आउटर रिंग रोड पर एसयू-टीयू-एमयू, टीयू-एसयू-यूयू और एलयू-क्यूयू ब्लॉकों की सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का उद्घाटन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजधानी में शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में शालीमार बाग क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की गई है। स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पीयू ब्लॉक में जर्जर सीवर लाइनों को बदलने का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि क्यूयू ब्लॉक में नई लेन और नालियों के निर्माण का काम प्रारंभ कर दिया गया है। आउटर रिंग रोड से जुड़े विभिन्न ब्लॉकों में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों को भी जनता को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सीवर, सड़क, ड्रेनेज और अन्य शहरी सुविधाओं के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे राजधानी के हर क्षेत्र में स्वच्छता, सुगमता और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सके।
