आंधी-तूफान का फ्लाइट पर असर; दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, यात्रियों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 10:30 PM (IST)

 

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर (NCR) के इलाकों में गुरुवार (28 मई 2026) की शाम को मौसम ने अचानक ऐसा यू-टर्न लिया कि चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। धूल भरी तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं शहर की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए पूरे शहर को खराब मौसम के प्रति आगाह किया है।

80 किमी की रफ्तार से चली हवाएं, ओलावृष्टि की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में कई स्थानों पर बिजली गिरने और धूल भरी आंधी के साथ छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँचने की उम्मीद जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में बारिश शुरू होने के बाद अब दिल्ली में भी यह सिलसिला पूरी रात जारी रह सकता है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स प्रभावित, यात्रियों को दी गई सलाह
खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर दिल्ली एयरपोर्ट पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने जानकारी दी है कि आंधी-तूफान के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए हैं:

  • एयरलाइन से संपर्क: यात्री घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन कंपनी से अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
  • मेट्रो का करें इस्तेमाल: सड़कों पर संभावित जाम और देरी से बचने के लिए यात्रियों को दिल्ली मेट्रो जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

पारे में गिरावट, 31 मई तक जारी रहेगी आफत
बारिश और आंधी की वजह से दिल्ली के अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को झुलसती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, यह राहत अभी और परेशानी बढ़ा सकती है क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार बारिश और गरज के साथ तूफान का यह दौर 31 मई तक जारी रह सकता है। शुक्रवार को आंधी-बारिश की तीव्रता और बढ़ने के आसार हैं, जिसके बाद शनिवार-रविवार तक यह मौसम प्रणाली गुजरात की ओर बढ़ जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News