चक्रवात ‘अर्नब’ का रेल सेवाओं पर असर, 36 ट्रेनें रद्द और 30 के रूट बदले गए

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 02:39 AM (IST)

भुवनेश्वरः चक्रवात 'अर्नब' के कारण हुई भारी बारिश के बाद ओडिशा के गंजाम जिले में बहुदा नदी के उफानाने और दो रेलवे पुल के पास खतरे के निशान को पार कर जाने के बाद बृहस्पतिवार को हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर 36 ट्रेन को रद्द कर दिया गया, 30 के मार्ग में परिवर्तन किया गया, जबकि आठ अन्य ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोका गया या उनके समय में बदलाव किया गया। पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) ने 24 ट्रेन को रद्द कर दिया और 22 के मार्ग बदल दिए, जबकि दक्षिण तट रेलवे (एससीओआर) ने 12 ट्रेन को रद्द किया और आठ अन्य के मार्ग में परिवर्तन किया। 

अधिकारियों के अनुसार, आठ अन्य ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोका गया या उनके समय में बदलाव किया गया। पूर्व तट रेलवे के अनुसार, अब तक रद्द की गई प्रमुख ट्रेन में भुवनेश्वर और विशाखापत्तनम के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस और ओडिशा की राजधानी को तेलंगाना के सिकंदराबाद से जोड़ने वाली विशाखा एक्सप्रेस शामिल हैं। 

इसके अलावा, दक्षिण तट रेलवे (एससीओआर) ने शालीमार-मंगलुरु विवेक एक्सप्रेस, शालीमार-वास्को डि गामा एक्सप्रेस और हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया। एक अधिकारी ने कहा, "यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 36 ट्रेन रद्द कर दी गई हैं और 30 अन्य ट्रेन के मार्ग बदल दिए गए हैं। रेलवे अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। जलस्तर घटने और इस खंड को रेल परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।" 

पूर्व तट रेलवे ने एक अन्य बयान में कहा कि चक्रवात 'अर्नब' के कारण गंजाम जिले में 550 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे बहुदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। रेलवे ने बताया कि भारी बारिश के बाद बहुदा नदी पर बने बाघलाटी बांध में पानी का स्तर खतरे के निशान को पार कर गया। इसके कारण इच्छापुरम और जाधुपुडी के बीच रेलवे पुलों पर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News