मंगोलपुरी हत्याकांड: 'अंकल के साथ बनाओ संबंध', इनकार करने पर बेड बॉक्स में मिली प्रेमिका की लाश

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 11:33 AM (IST)

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे देख पुलिस वालों के भी रोंगटे खड़े हो गए। एक 22 साल के युवक ने अपनी ही 35 वर्षीय प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि महिला ने प्रेमी के 50 वर्षीय अंकल और उनके दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने से मना कर दिया था।

कैसे हुआ वारदात का खुलासा?
मंगलवार शाम करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मंगोलपुरी स्थित एक पीजी (PG) के कमरे में बेड बॉक्स के अंदर एक महिला की लाश पड़ी है। पीजी मालिक ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक ने कुछ घंटों के लिए कमरा किराए पर लिया था। जब मालिक कमरे में पहुंचा, तो उसने देखा कि बेड के बॉक्स से पैर बाहर लटक रहे थे। अंदर देखने पर महिला का शव मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

साजिश और हत्या की खौफनाक कहानी
जांच में पता चला कि आरोपी युवक इलाके में चिकन की दुकान चलाता था। वह महिला के साथ प्रेम संबंध में था। घटना के दिन वह महिला को पीजी के कमरे में ले गया, जहां उसके अंकल और अंकल का दोस्त पहले से मौजूद थे। आरोपी ने महिला को मजबूर किया कि वह उसके अंकल और दोस्त के साथ संबंध बनाए। जब महिला ने इस घिनौनी मांग का विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने महिला को जमीन पर पटक दिया, कंबल से उसका मुंह दबाया और गला घोंटकर उसकी जान ले ली। जब यह हत्या हो रही थी, तब आरोपी के अंकल और उसका दोस्त कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे ताकि कोई अंदर न आ सके। हत्या के बाद उन्होंने आरोपी को भागने में भी मदद की।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान मंगोलपुरी की ही रहने वाली एक घरेलू सहायिका के रूप में हुई है, जिसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 238 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News