'रील्स बनाएं, इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहें', PM मोदी की मंत्रियों को हिदायत, युवाओं तक...

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 09:53 PM (IST)

नेशनल डेस्कः नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर मचे घमासान और जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों को एक नई और अहम सलाह दी है। शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) को हुई कैबिनेट की अहम बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों को युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर सक्रिय होने और रील बनाने का सुझाव दिया है।

मंत्रियों से पूछा- इंस्टाग्राम पर कौन-कौन है एक्टिव?
सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने मंत्रियों से एक अनूठा सवाल पूछा कि उनमें से कितने लोग इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं?। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का युवा इस प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा समय बिता रहा है, इसलिए मंत्रियों को भी वहां अपनी मौजूदगी बढ़ानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने सलाह दी कि मंत्री सरकार की जनहितैषी योजनाओं और किए गए कार्यों को छोटी-छोटी रील्स के जरिए साझा करें, ताकि युवाओं तक सीधे तौर पर पहुंचा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए पिछले दिन (23 जुलाई) बनाए गए एक वीडियो का भी जिक्र किया।

नीट विरोध और इंस्टाग्राम का 'पावर'
प्रधानमंत्री की इस सलाह के पीछे सोशल मीडिया की वह ताकत है, जिसका इस्तेमाल हाल ही में नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में किया गया है। दरअसल, प्रभावित छात्र और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जैसे संगठन इंस्टाग्राम पर रील्स बनाकर राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन को व्यापक बनाने में इन रील्स की बड़ी भूमिका रही है, जिन्हें देख कर बड़ी संख्या में छात्र इस विरोध प्रदर्शन से जुड़ रहे हैं।

युवाओं से सीधा जुड़ाव है मकसद
सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर बनते इस नैरेटिव को देखते हुए पीएम मोदी ने मंत्रियों को इसी प्लेटफॉर्म के जरिए पलटवार करने और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा है। पीएम का मानना है कि रील और सोशल मीडिया आउटरीच के माध्यम से युवाओं के भ्रम को दूर किया जा सकता है और सरकार के विजन को उन तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News