8,320 बोतल कोडीन कफ सिरप जब्त, मेडिकल स्टोर मालिक निकला कफ सिरप तस्करी का मुख्य आरोपी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 12:58 PM (IST)

 

इंफाल: सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में नदी के किनारे से कोडीन युक्त 'कफ सिरप' (खांसी की दवा) की 8,320 बोतल जब्त की हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में चार अक्टूबर को तीन लोगों को पकड़े जाने के बाद उनसे पूछताछ के आधार पर 8,320 बोतल बरामद की गईं जो 52 पेटी में रखी थीं।

पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि इंफाल पश्चिम जिले के नाओरेमथोंग बाजार में दवा की दुकान का मालिक नोंगथोंबम जेम्सजित इस नेटवर्क का कथित सरगना है। पुलिस ने बताया कि उसे मंगलवार को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया।

भारत में कोडीन आधारित दवाएं विनियमित औषधियों की श्रेणी में आती हैं। वैध चिकित्सकीय पर्चे और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का पालन किए बिना उनकी बिक्री या वितरण नहीं किया जा सकता। इन दवाओं को निर्धारित नियमों से इतर अनधिकृत रूप से रखने, ले जाने या बेचने पर स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के प्रावधान लागू होते हैं।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News