कांग्रेस का बीजेपी पर बड़ा आरोप- शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियों के वादे पर युवाओं को गुमराह किया
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 04:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर शिक्षा विभाग में दस हजार भर्तियों के वादे को लेकर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। गहलोत ने कहा कि सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद अब तक न तो भर्ती की अधिसूचनाएं जारी हुई हैं और न ही परीक्षाएं आयोजित की गई हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ सीधा अन्याय बताया। गहलोत ने कहा, "बार-बार भर्ती कैलेंडर बदलना और वादों को अधूरा छोड़ना युवाओं का भरोसा तोड़ रहा है।"

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाती थीं तथा युवाओं को अवसर दिए जाते थे। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी आरोप लगाया कि सरकार ने विज्ञापनों के जरिए भर्ती कैलेंडर का प्रचार तो किया लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा विभाग में दस हजार भर्तियों का दावा किया था लेकिन न तो भर्ती शुरू हुई और न ही परीक्षाएं हुईं। जूली ने कहा कि सरकार की घोषणाएं केवल सुर्खियां बटोरने के लिए थीं, जबकि प्रगति कहीं दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा निराश व भ्रमित हैं और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि 10,000 नौकरियों का वादा कब पूरा होगा।
