बीजेपी ने लगाया डाटा लीक का आरोप, कांग्रेस ने गूगल प्ले स्टोर से हटाया अपना ऐप
punjabkesari.in Monday, Mar 26, 2018 - 04:14 PM (IST)
नई दिल्ली: डाटा लीक होने की रिपोर्टों के बीच कांग्रेस ने अपने आधिकारिक मोबाइल ऐप ‘विदआइएनसी’ को आज गूगल प्ले स्टोर से हटा लिया। कांग्रेस ने ट्वीट कर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ‘विदआइएनसी’ एप का इस्तेमाल सिर्फ ‘सोशल मीडिया अपडेट’ के लिए किया जा रहा था। गलत यूआरएल चलने और इससे लोगों के गुमराह होने की ऐप को आज सुबह गूगल प्लेस्टोर से हटाना पड़ा। पार्टी ने यह भी कहा कि ‘विदवाआइएनसी’ ऐप का इस्तेमाल सिर्फ सदस्यता के लिए किया जा रहा था और करीब पांच माह से यह प्रयोग में नहीं था।
राहुल गांधी ने किया मोदी पर तीखा हमला
पार्टी का कहना है कि 16 नवंबर 2017 को सदस्यता सीधे पार्टी के आधिकारिक वेबसाइट से ली जा रही है और तब से इस ऐप का प्रयोग नहीं हो रहा था। साइबर सुरक्षा के लिए काम करने वाले फ्रांस के शोधार्थी इलियट एल्डरसन के कांग्रेस के इस ऐप से सूचनाएं सिंगापुर लीक होने के खुलासा के बाद पार्टी ने ऐप को गूगल प्लेस्टोर से हटाया है। एंडरसन ने यह भी खुलासा किया था कि ‘नमो ऐप’ को डाउनलोड करते ही लोगों की निजी सूचना अमेरिकी कंपनियों को पहुंच रही है। एंडरसन के इस खुलासे के बाद गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया जिसक भारतीय जनता पार्टी ने भी करारा जवाब दिया और कहा कि कांग्रेस को तकनीकी जानकारी नहीं है। गांधी ने आज फिर इसी मुद्दे पर मोदी को घेरने का प्रयास किया है।
भाजपा ने लगाया कांग्रेस पर आरोप
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी डेटा सिंगापुर में अपने मित्रों और माओवादियों के साथ साझा करती है। मालवीय ने तंज करते हुए ट््वीटर पर लिखा है,‘ हेलो, मेरा नाम राहुल गांधी है। मैं भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का अध्यक्ष हूं। जब आप मेरे आधिकारिक ऐप पर आते हो तो मैं आपका डेटा सिंगापुर में अपने मित्रों को देता हूं।’ इससे पहले गांधी ने प्रधानमंत्री पर नरेंद्र मोदी ऐप के जरिए अमेरिका डेटा भेजने का आरोप लगाया था। मालवीय ने ट्वीट में कांग्रेस पर समान विचारधारा वाले लोगों के साथ डेटा साझा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस डेटा को माओवादी, पत्थराव करने वालों, भारत के टुकड़े गैंग, चीन के दूतावास एवं कैम्ब्रिज एनालीटिका को देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को डेटा देने में आगे रहने पर पूरे नंबर देता हूं। यह डेटा किसी को भी दिया जा सकता है।
