आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है,8 साल में सब खत्म कर दिया: राहुल गांधी

punjabkesari.in Friday, Aug 05, 2022 - 11:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि भारत में ‘लोकतंत्र की मौत' हो रही है तथा 70 साल में देश ने जो हासिल किया था उसे पिछले 8 वर्षों में खत्म कर दिया गया। पार्टी के महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि लोकतंत्र की मौत हो रही है। जो इस देश ने 70 साल में बनाया उसे 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज देश में लोकतंत्र नहीं है। आज 4 लोगों की तानाशाही है। पूरा देश इसे जानता है। राहुल गांधी ने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा की स्थिति का मुद्दा उठाना चाहते हैं। हमें संसद के बाहर और भीतर बोलने नहीं दिया जाता है। सरकार दो-तीन बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है।

कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आज राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी जिसके तहत कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रधानमंत्री आवास का ‘घेराव करने' की योजना है। मुख्य विपक्षी दल के अनुसार, कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सदस्य संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे। उधर, दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली जिले में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। 


राहुल गांधी ने कहा कि मैं जितना लोगों की आवाज़ उठाता हूं, जितना सच बोलता हूं उतना ज़्यादा मुझ पर हमला किया जाता है। मैं लोकतंत्र के लिए खड़े होने का अपना काम करता रहुंगा... यह बात समझ लीजितए कि जो धमकाता है वह डरता है। विपक्ष कानूनी ढांचा, न्यायिक संरचना, चुनावी संरचना के बल पर लड़ती है। यह सब ढांचे सरकार का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि सरकार ने अपने लोग इन संस्थानों में बैठा रखे हैं। हिंदुस्तान का कोई भी संस्थान स्वतंत्र नहीं है, वह RSS के नियंत्रण में है।

वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी कि देश में ऐसा वक्त भी आएगा कि तिरंगों के लिए लोगों को समाप्त होते देखा जाएगा। कोई कल्पना नहीं कर सकता जिस रूप में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। महंगाई, बेरोज़गारी, GST पर कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News