मनमोहन को राजस्थान से राज्यसभा भेजने की तैयारी

punjabkesari.in Thursday, Jun 27, 2019 - 10:57 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा के लिए मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। सिंह का इसी महीने असम से राज्यसभा के लिए कार्यकाल खत्म हो गया और कांग्रेस उन्हें फिर से उच्च सदन में भेजने के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। राजस्थान भाजपा के प्रमुख मदन लाल सैनी के निधन के कारण राज्य से राज्यसभा की एक सीट खाली हुई है। सैनी अप्रैल, 2018 में  राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल अप्रैल, 2024 तक था। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है और यदि चुनाव होता है तो कांग्रेस राज्यसभा की सीट जीत सकती है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा सीट के लिए उतार सकती है। 

PunjabKesari
इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने सिंह को तमिलनाडु से राज्यसभा में भेजने के लिए द्रमुक से सहयोग मांगने की बात कही थी। वर्तमान में तमिलनाडु से राज्यसभा में छह रिक्तियां हैं। इसके लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा। विधायकों की संख्या को देखते हुए द्रमुक इन छह सीटों में से तीन पर जीत हासिल कर सकती है। पटेल के अनुरोध के बावजूद द्रमुक मनमोहन सिंह को समायोजित करने को लेकर खुद को कठिन स्थित में पा रही थी क्योंकि वह एक सीट एमडीएमके के वाइको को देना चाहती है। अब आने वाले दिनों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ होने वाली पार्टी नेताओं की बैठक के बाद मनमोहन सिंह के बारे में निर्णय लिया जाएगा। 

PunjabKesari


कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि मनमोहन सिंह को लेकर राजस्थान भी एक विकल्प हो सकता है, लेकिन अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जब राज्यसभा की इस सीट के लिए अधिसूचना जारी होगी तो इस बारे में निर्णय ले लिया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस बार संसद के बजट सत्र में दिखाई नहीं देंगे क्योंकि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल खत्म हो चुका है। वह करीब 30 वर्षों तक राज्यसभा के सदस्य रहे। वह पहली बार 1991 में असम से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इस बार असम विधानसभा में कांग्रेस की कमजोर स्थिति के कारण वह असम से राज्यसभा में नहीं पहुंच सकते हैं। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News