आतंकवादियों की बरसी मनाने वाले गद्दार: कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Feb 11, 2016 - 03:18 PM (IST)

नई दिल्ली; कांग्रेस ने आतंकवादियों की बरसी मनाने वालों को गद्दार करार देते हुए आज कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि अगर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय और प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में कानून का उल्लंघन हुआ है तो मोदी सरकार को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए क्योंकि दिल्ली पुलिस केंद्र के अधीन है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार को कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का मानना है तो जो लोग आतंकवादियों की बरसी मनाते हैं वे गद्दार हैं।’’  

तिवारी ने कहा कि जहां तक कांग्रेस का सवाल है उसे राष्ट्रभक्ति के बारे में किसी से उपदेश नहीं चाहिए। कांग्रेस ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने कई नेता और कार्यकर्ता खोए हैं। पिछली संयुक्त गठबंधन सरकार ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी। कांग्रेस ने पंजाब में शांति कायम की थी और जम्मू-कश्मीर में भी आतंकवाद पर अंकुश लगाया। 

भाजपा से हमें राष्ट्रभक्ति का उपदेश नहीं चाहिए।  मीडिया खबरों के मुताबिक जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में मंगलवार को संसद हमले के गुनहगार अफजल गुरू की बरसी मनाई गई और इस दौरान भारत के विरोध में और पाकिस्तान के समर्थन में नारे भी लगाये गए। इसी तरह प्रेस क्लब में भी अफजल की बरसी मनाने की कोशिश की गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News