संयुक्त राष्ट्र में सुषमा के भाषण की निंदा कर घिरे कांग्रेस नेता शशि थरूर

punjabkesari.in Monday, Oct 01, 2018 - 06:51 PM (IST)

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के भाषण की निंदा कर कांग्रेस सांसद शशि थरूर विवादों में घिर गए हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि शशि थरूर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया, ‘वही शक्तियां जो मोदी जी के विरोध में अंतराष्ट्रीय स्तर पर खड़ी हैं, उन्ही जैसे शब्दों और भाषा का कांग्रेस इस्तेमाल कर रही है।’ उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर पाकिस्तान भी सबूत मांगता था और कांग्रेस भी मांगती है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को सोचना होगा कि वह भारतीय जनता पार्टी का विरोध करते करते भारत के विरोध में चले जाते है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया, ‘क्या आपको राजनैतिक विरोध और राष्ट्र विरोध में अंतर समझ में नहीं आता है?’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच पूरी तरह से विकृत हो गई हैं। त्रिवेदी ने कहा कि पहली बार कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा संयुक्त राष्ट्र में दिए गए बयान की प्रत्यक्ष रूप से आलोचना की।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘ये भारत की स्थापित परंपरा का न सिर्फ विरोध है बल्कि ये पाकिस्तान के साथ हमकदम होते दिख रहे है।’ उन्होंने कहा कि शशि थरूर हिंदू पाकिस्तान शब्द का प्रयोग करते थे, आज साक्षात पाकिस्तान के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि पाकिस्तान के साथ कांग्रेस के नेताओं की जो जवाबी कव्वाली चल रही हैं, उसे पार्टी स्पष्ट करें।

राहुल गांधी किसी भी मायने में शिवभक्त नहीं
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र में हाल ही में पाकिस्तान के एक राजनयिक ने आरएसएस को फासीवादी और समाज को तोडऩे वाला संगठन बताया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मानसरोवर यात्रा का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी मानसरोवर यात्रा से लेकर प्रयागराज जाते जाते अपने असली रंग में आ गए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वह किसी भी मायने में शिवभक्त नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयाग से एक खबर आई है कि वहां तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘हर हर महादेव’, ‘बम बम भोले’ का घोष करने के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इससे स्पष्ट है कि राहुल गांधी को शिवभक्त के रूप में पेश करना फर्जी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News