Assam Election 2026: कांग्रेस की तीसरी सूची जारी, 22 नए प्रत्याशी उतारे मैदान में

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 08:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार (19 मार्च) को कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी करते हुए 22 नामों का ऐलान किया। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 87 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

कांग्रेस की तीसरी लिस्ट में 22 उम्मीदवार

कांग्रेस ने पहले चरण में 42 और दूसरे चरण में 23 उम्मीदवार घोषित किए थे। अब तीसरी सूची आने के बाद पार्टी अपनी चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गई है।

बीजेपी ने भी दिखाई ताकत

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी पहली सूची जारी करते हुए 88 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को जालुकबारी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर सीट से टिकट दिया गया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 9 अप्रैल 2026 (एक ही चरण में) और मतगणना 4 मई 2026 होगी। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 16 मार्च को जारी हो चुकी है वहीं नामांकन की अंतिम तिथि 23 मार्च को है। असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक साथ वोटिंग होगी।

कई राज्यों में साथ होंगे चुनाव

असम के अलावा इस साल पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

बीजेपी बनाम कांग्रेस—सीधी टक्कर

राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस गठबंधन के बीच माना जा रहा है। एक तरफ हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस विपक्ष के रूप में चुनौती पेश कर रही है। आने वाले दिनों में दोनों पार्टियां बाकी सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान कर चुनावी रणनीति को और धार दे सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News