काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं दिल्ली CM रेखा गुप्ता, परिवार संग किया जलाभिषेक और पूजा-अर्चना

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 03:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को अपने परिवार के साथ वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
 


रेखा गुप्ता ने कहा कि बाबा श्री काशी विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक और पूजन का सौभाग्य उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की अनंत कृपा से काशी आज अपनी सनातन चेतना और नव्य भव्यता के साथ पूरी दुनिया को आस्था और संस्कृति का अद्भुत संदेश दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता, गंगा तट से बाबा के दरबार तक का भव्य विस्तार और हर ओर गूंजता 'हर-हर महादेव' का उद्घोष काशी की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे और भारत निरंतर वैभव, समृद्धि तथा यश के नए शिखरों को छूता रहे। साथ ही सेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को आलोकित करती रहे।

आप को बता दें कि आज रेखा गुप्ता का जन्म दिन है। इस मौके पर बीजेपी के कई नेताओं ने उन्हें हार्दिक वधाई एवं शुभकामनाएं दी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को जन्म दिन की बधाई दी है।

 

उन्होंने एक्स पर पोस्टकर कहा कि दिल्ली की जनप्रिय मुख्यमंत्री, बहन श्रीमती @gupta_rekha  जी आपको जन्मदिवस की ढेरों शुभकामनाएं। माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में आपका योगदान दिल्ली को एक स्मार्ट, सक्षम और समृद्ध राजधानी के रूप में स्थापित कर रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News