''सरकार से बातचीत के लिए आगे आए सीजेपी'', केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह की ''विनम्र अपील''

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 08:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से सरकार के साथ एक और दौर की बातचीत के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए ही मुद्दों का समाधान हो सकता है और आगे का रास्ता निकाला जा सकता है। सिंह ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले 24 घंटे में सरकार ने सीजेपी को बातचीत के लिए "कम से कम चार बार" आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा, "मैं इस प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवा साथियों से अपील करना चाहता हूं कि वे बातचीत के लिए आगे आएं। हमारे दरवाजे खुले हैं।" उन्होंने कहा कि यह सरकार की ओर से की गई एक "विनम्र अपील" है।

सिंह ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जे. पी. नड्डा के नेतृत्व में होगी। उन्होंने कहा, "बैठक नड्डा जी के सरकारी आवास पर या उनके कार्यालय में हो सकती है। जगह का चुनाव आप (छात्र प्रतिनिधि) करें। मैं भी वहां मौजूद रहूंगा।" सिंह ने कहा कि बातचीत "नीट मुद्दे" और उससे जुड़े सभी मामलों पर हो सकती है। उन्होंने कहा, "हम आपकी सुविधा के अनुसार जितना समय लगे, उतना देने के लिए तैयार हैं। चाहे एक घंटा, दो घंटे, तीन घंटे या चार घंटे। लेकिन कृपया बातचीत के लिए आगे आइए, क्योंकि चर्चा के बिना कोई समाधान नहीं निकल सकता और समाधान के बिना आगे का रास्ता तय नहीं किया जा सकता।"

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे को लेकर "बहुत संवेदनशील" हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री सिंह ने कहा, "आपने आज प्रधानमंत्री का बयान जरूर सुना होगा, जिसमें उन्होंने कहा कि छात्रों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इसके अलावा, पेपर लीक के मामलों के लिए विशेष त्वरित अदालतें बनाने का एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है, ताकि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमों का जल्द निपटारा हो सके।"

सिंह ने कहा कि यह अंतिम फैसला नहीं है और सरकार इस तरह के कई कदम लगातार उठा रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा, "कृपया आगे आइए और हमें अपने सुझाव तथा सलाह दीजिए कि क्या सुधार किए जा सकते हैं। आइए, हम सब मिलकर आगे बढ़ें।" मंत्री ने कहा, "यह हमारे लिए प्रतिष्ठा का सवाल नहीं है। हम केवल बातचीत के जरिए ही आगे बढ़ सकते हैं।" उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कहा, "इस अपील के बाद अपना फैसला कीजिए।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News