हिंद महासागर क्षेत्र से बाहर निकला चीनी जासूसी जहाज, नौसेना लगातार रख रही थी नजर

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 10:52 PM (IST)

नेशनल डेस्कः चीनी जासूसी जहाज यांग वांग-5 हिंद महासागर के क्षेत्र से बाहर चला गया है। नौसेना के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि चीनी जासूसी जहाज कुछ दिन पहले हिंद महासागर क्षेत्र में आया था, वो अब वापस चला गया है। इस जहाज पर भारतीय नौसेना लगातार नजर बनाए हुए थी। सूत्रों ने बताया कि लंबी दूरी के निगरानी ड्रोन और समुद्री गश्ती विमान समेत भारतीय नौसेना लगातार इस जहाज की निगरानी कर रही थी।

चीनी ने यांग वांग-5 को विशेष तौर पर तैयार किया है, इसमे रडार ट्रैकिंग सिस्टम, निगरानी उपकरण शामिल है। चीन इस जहाज का इस्तेमाल दूसरे देशों की जासूसी करने के लिए करता है। लेकिन भारतीय नौसेना की मुस्तैदी के बाद चीन को अपने कदम पीछे हटाने पड़े। बताते चलें कि हाल ही में चीन ने हिंद महासागर क्षेत्र में अपने जासूसी जहाजों की तैनाती बढ़ाने का प्रयास किया है। इससे पहले युआन वैंग5 को अगस्त में श्रीलंका के हंबनटोटा में डॉक किया था, भारत के विरोध के बाद इसको वापस लौटना पड़ा था।

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर के सभी घटनाक्रमों पर कड़ी नजर रख रही है, जिसमें चीनी नौसेना के जहाजों की आवाजाही भी शामिल है, जो इस क्षेत्र में काम करते हैं।" नौसेना प्रमुख ने कहा था कि बहुत सारे चीनी जहाज हैं जो हिंद महासागर क्षेत्र में काम करते हैं। हमारे पास लगभग 4-6 पीएलए नौसेना के जहाज की सूची है, जो जासूसी करने का काम करते हैं। इसके अलावा मछली पकड़ने के लिए चीनी जहाज हिंद महासागर क्षेत्र में आते जाते रहते हैं। हम सभी पर नजर रखते हैं।

आर हरि कुमार ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में लगभग 60 अन्य अतिरिक्त क्षेत्रीय बल हमेशा मौजूद रहते हैं।उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि यह एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है जहां बड़ी मात्रा में व्यापार होता है जो पारगमन करता है, ऊर्जा प्रवाह होता है। हमारा काम यह देखना है कि समुद्री क्षेत्र में भारत के हितों की रक्षा हो।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News