मुख्यमंत्री योगी का कांग्रेस पर निशाना, कहा- इन्होंने बातों के इलावा कुछ नहीं किया

punjabkesari.in Thursday, Feb 29, 2024 - 12:13 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर विकास के नाम पर सिर्फ बातें करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को दावा किया कि पिछले सात वर्ष के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकाल में प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। मुख्यमंत्री ने आज यहां लोक भवन के सभागार में 3,077 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

उन्होंने 173 करोड़ रुपये की लागत से 31 जनपदों के 1,459 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने पिछले सात वर्ष के दौरान उत्तर प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में भरपूर विकास का दावा किया और केंद्र की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशान साधते हुए कहा, ‘‘यदि कोई व्यक्ति सिर्फ बोलता है और कुछ करता नहीं है, तो परिणाम नहीं आयेगा। अगर बिना कार्य किये ही परिणाम आता, तो यह वर्ष 1947, 1952, 1957 या 1962 में ही आ जाना चाहिए था, लेकिन परिणाम आने में 70 वर्ष का समय लग गया।''

आदित्यनाथ ने कहा कि 70 वर्ष के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश ने नयी कार्यशैली अपनायी, तो उसके परिणाम सभी क्षेत्रों में सामने आये हैं। दुनिया यह स्वीकारती है कि उत्तर प्रदेश में विगत सात वर्ष में बहुत कार्य हुए है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश वही है, लोग वही हैं तथा विभाग भी वही हैं, लेकिन विगत सात वर्ष में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। डबल इंजन की सरकार ने जो प्रयास प्रारम्भ किये थे, उसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने अभियान स्तर पर कार्य किया। आंगनबाड़ी कर्मियों ने इसे जमीनी धरातल पर पहुंचाया। आज इसके परिणाम आ रहे हैं।''

उन्होंने कहा कि 2017 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत देश में सबसे खराब स्थिति उत्तर प्रदेश की थी। उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। पहले यह चिन्ता का विषय था कि अगर यही राज्य पिछड़ जायेगा, तो देश कैसे आगे बढ़ेगा, लेकिन भाजपा सरकार ने हालात बदल दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 14 वर्ष के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की बड़ी प्रक्रिया सम्पन्न हुई है। आज से सभी नवचयनित आंगनबाड़ी कर्मियों का प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लालन-पालन का बड़ा दायित्व शुरू हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News