मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा, लोकसभा की सदस्य संख्या स्थायी रूप से 543 करने की मांग
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 12:38 AM (IST)
नेशनल डेस्क : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि लोकसभा सदस्यों की संख्या को स्थायी रूप से 543 बनाए रखने के लिए संविधान में संशोधन किया जाए। विजय ने प्रस्तावित परिसीमन और महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने के संबंध में 12 अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव की ओर प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव में मांग की गई है कि "लोकसभा के कुल सदस्यों की संख्या को स्थायी रूप से 543 कर दिया जाना चाहिए।"
विजय ने प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा कि राज्यों को आवंटित लोकसभा सीटों की संख्या को मौजूदा स्तर पर ही स्थायी कर दिया जाना चाहिए यानी राज्यों के बीच सीटों का जो मौजूदा बंटवारा है, उसे ही बनाए रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव में केंद्र सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है कि महिलाओं को लोकसभा के आगामी आम चुनावों और उसके बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में एक-तिहाई आरक्षण मिले।
विजय ने कहा, "मैं तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव की एक प्रति साथ भेज रहा हूं। मेरा आपसे अनुरोध है कि आप तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव पर विचार करें और इस संबंध में जरूरी संवैधानिक संशोधन लाएं।"
